मुंबई की बेस्ट बसों में अब छुट्टे का झंझट होगा खत्म,जल्द शुरू होगी यूपीआई से टिकट खरीदने की सुविधा

मुंबईकरों के लिए गुड न्यूज है। बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) बस सेवा से सफर करने पर जल्द ही छुट्टे पैसे का झंझट खत्म हो जाएगा। दरअसल बेस्ट ने अपने बस नेटवर्क में यूपीआई के जरिए टिकट खरीद की सुविधा लाने की तैयारी तेज कर दी।

मुंबई,एजेंसी। मुंबई की बेस्ट बसों में सफर करने वाले यात्रियों को जल्द ही यूपीआई के माध्यम से टिकट खरीदने की सुविधा मिल सकती है। शुक्रवार को हुई समिति की बैठक में इस संबंध में लाए गए प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। अब बेस्ट प्रशासन इसके क्रियान्वयन की योजना तैयार करेगा। इस पहल का उद्देश्य टिकट खरीदने की प्रक्रिया को आसान बनाने के साथ यात्रियों और कंडक्टरों के बीच छुट्टे पैसों को लेकर होने वाली परेशानी को कम करना है।

यह प्रस्ताव समिति सदस्य अजय सिंह ने रखा था। उन्होंने बसों में क्यूआर कोड आधारित डिजिटल भुगतान व्यवस्था शुरू करने की मांग की। प्रस्ताव के अनुसार, कंडक्टर अपने पहचान पत्र के साथ एक विशेष क्यूआर कोड रखेंगे। इसके अलावा बसों और डिपो में भी इंटरऑपरेबल क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। यात्री बस में चढ़ने से पहले या बाद में क्यूआर कोड स्कैन कर किसी भी यूपीआई भुगतान ऐप के जरिए किराया जमा कर सकेंगे और टिकट प्राप्त कर सकेंगे।

अजय सिंह के मुताबिक, देश के कई सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क, जिनमें महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) भी शामिल है, पहले से यूपीआई आधारित भुगतान व्यवस्था अपना चुके हैं और इसके सकारात्मक परिणाम मिले हैं। उन्होंने कहा कि बेस्ट में भी यह सुविधा शुरू होने से नकद भुगतान पर निर्भरता घटेगी, टिकट वितरण में तेजी आएगी और यात्रियों तथा कंडक्टरों के बीच छुट्टे पैसों को लेकर होने वाली रोजमर्रा की तकरार कम होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button