फतेहपुर में हाईवे पार कर रही महिलाएं बोलेरो की चपेट में आईं, एक की मौत दूसरी गंभीर रूप से घायल
Women crossing the highway in Fatehpur were hit by a Bolero, one died and the other was seriously injured

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। हाईवे पार कर रही दो महिलाओं को बोलेरो ने टक्कर मार दी। एक महिला गाड़ी में फंसकर 20 मीटर तक घिसटती चली गई। उसकी मौके पर मौत हो गई। दूसरी घायल महिला का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। थरियांव थाना क्षेत्र के आशिकपुर औरेईया गांव निवासी राजेंद्र तिवारी की पत्नी प्रभादेवी (48) पुत्र अंकित तिवारी व पड़ोसी महिला सुषमा देवी के साथ बाइक से गुरुवार दोपहर दांत का उपचार कराकर उसरैना से लौट रही थी।
थाना क्षेत्र के दनियालपुर मोड़ के पास अंकित ने मां और सुषमा को हाईवे पार करने के लिए बाइक से उतरा दिया। दोनों महिलाएं पैदल हाईवे पार करने लगीं। इसी बीच तेज रफ्तार बोलेरो ने दोनों महिलाओं को टक्कर मार दी। प्रभादेवी बोलेरो में फंसकर करीब 20 मीटर तक घिसटती चली गई। उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सुषमा भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद अंकित और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, तब तक बोलेरो लेकर चालक भाग गया।
पुलिस ने घायल सुषमा को जिला अस्पताल भेजा। वहीं प्रभादेवी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मौत की खबर सुनते ही बेटा अमन उर्फ गुड्डू तिवारी, अंकित तिवारी, बेटी रूबी और बिट्टी का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय ने बताया कि बोलेरो और उसके चालक की तलाश की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार महिला के लिए शार्टकट काल बन गया। बाइक सवार तीनों ने दो किमी का चक्कर काटने के बजाए सीधे हाईवे पार करके आशिकपुर औरेईया गांव जाने का रास्ता अपनाया। वहीं, दो किमी आगे आंबापुर पर ओवरब्रिज के नीचे से गांव जाने का सही रास्ता है। कई क्षेत्रवासी हाईवे पार करके जान जोखिम में डालते हैं।




