दिवाली से पहले मथुरा में धार्मिक स्थलों और महापौर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस-प्रशासन अलर्ट
मथुरा नगर आयुक्त की आधिकारिक ईमेल आईडी पर धार्मिक स्थलों और महापौर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई।

मथुरा,उत्तर प्रदेश। दीपावली से पहले मथुरा में धार्मिक स्थलों और महापौर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया है। बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे नगर निगम के नगर आयुक्त की आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। इसमें मथुरा के प्रमुख धार्मिक स्थलों और महापौर कार्यालय को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। ईमेल में अयोध्या और वाराणसी का भी उल्लेख किया गया है। धमकी की जानकारी मिलते ही पुलिस, खुफिया एजेंसियों और नगर निगम प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
नगर आयुक्त की ईमेल आईडी पर भेजे गए संदेश में 8 से 27 नवंबर के बीच सिलसिलेवार धमाके करने की धमकी दी गई है। इसमें मथुरा के अलावा अयोध्या और वाराणसी जैसे प्रमुख धार्मिक शहरों तथा कुछ संस्थानों को निशाना बनाने की बात कही गई है। संदेश में खालिस्तान समर्थक कुछ नामों और संगठनों का भी उल्लेख किया गया है। हालांकि, ईमेल में किए गए दावों और धमकी की वास्तविकता की जांच की जा रही है।
नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने तत्काल इसकी जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार को दी। इसके बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गईं। एसएसपी ने बताया कि ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए सर्विलांस, साइबर सेल और आईटी टीमों को लगाया गया है। टीमें ईमेल के स्रोत, आईपी एड्रेस और इसके पीछे शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी हैं। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
धमकी के बाद श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। परिसर के आसपास डॉग स्क्वायड, पुलिस बल और स्पेशल कमांडो की टीमें तैनात की गई हैं। सुरक्षा एजेंसियां विशेष चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध वस्तुओं और गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। इसके साथ ही शहर के होटल, गेस्ट हाउस, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी जांच तेज कर दी गई है।
शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस पिकेट लगाकर वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि धमकी भरे ईमेल की तकनीकी जांच जारी है और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। दीपावली से पहले मिली इस धमकी के मद्देनजर धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।




