लाठी के सहारे जनसुनवाई में पहुंचीं 105 वर्षीय कमला बाई, कलेक्टर ने जमीन पर बैठकर सुनी फरियाद
साहब! बाहर 105 साल की अम्मा आईं है...कलेक्टर को जब पता चला तो वे कुर्सी से तत्काल उठे और चैंबर के बाहर पहुंचकर गलियारे एक कोने में बैठी बुजुर्ग अम्मा के सामने उकड़ू बैठ गए और बड़े ही स्नेह से बुजुर्ग से उनकी पीड़ा और परेशान पूछने लगे। कलेक्टर की ऐसी सादगी देखकर वहां मौजूद लोग दंग रहे गए।

गुना,मध्य प्रदेश। कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान मंगलवार को 105 वर्षीय कमला बाई बैरागी अपनी शिकायत लेकर लाठी के सहारे पहुंचीं। बुजुर्ग महिला को देखकर गुना कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल उनके पास जमीन पर बैठ गए और आत्मीयता से उनकी पूरी बात सुनी। कमला बाई ने अपने बेटों पर जमीन बेचने, रकम अपने पास रखने और उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने के आरोप लगाए। कलेक्टर ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम परवाह, तहसील बमोरी निवासी कमला बाई ने बताया कि पति की मृत्यु के करीब 20 वर्ष बाद उनके बेटों ब्रजवल्लभ और कोमल ने रानी खेजरा स्थित उनकी जमीन चार लाख रुपये में बेच दी। महिला का आरोप है कि जमीन की रकम दोनों बेटों ने आपस में रख ली। इसके बाद उन्हें परिवार में कथित रूप से परेशान किया जाने लगा।
कमला बाई ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें कई महीनों से ठीक से भोजन नहीं दिया जा रहा था। उन्होंने बेटों, नातियों और बड़ी बहू पानाबाई पर मारपीट करने तथा शरीर पर पहने जेवर छीनने के आरोप लगाए। महिला के मुताबिक, परिस्थितियां ऐसी हो गईं कि उन्हें गांव-गांव जाकर भीख मांगने और मंदिर में शरण लेने को मजबूर होना पड़ा।
कलेक्टर ने बुजुर्ग महिला की स्थिति को देखते हुए उन्हें वृद्धाश्रम में रखने का प्रस्ताव दिया, लेकिन कमला बाई ने गांव के मंदिर को छोड़कर जाने से इनकार कर दिया। उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को मामले में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने बमोरी तहसीलदार और स्थानीय पुलिस प्रशासन को जमीन और रकम से जुड़े मामले की जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण से संबंधित कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। अधिकारियों को बुजुर्ग महिला के संपत्ति संबंधी वैधानिक अधिकारों की भी जांच कर उन्हें उनका हक दिलाने के निर्देश दिए गए हैं।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर का 105 वर्षीय महिला के पास जमीन पर बैठकर उनकी बात सुनना वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा। अब प्रशासनिक जांच के बाद ही जमीन की बिक्री, रकम और बुजुर्ग महिला के साथ कथित दुर्व्यवहार से जुड़े आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।




