महिला बैंककर्मी को परेशान करने के आरोप में सपा नेता गिरफ्तार,आईएएस बनवाने का दिया झांसा
मथुरा में महिला बैंककर्मी को आईएएस बनवाने का झांसा देने, निजी जानकारी जुटाने, रेकी और आपत्तिजनक मैसेज भेजने के आरोपों से जुड़े मामले में सपा नेता राजन रिजवी को पुलिस और स्वाट टीम ने अलीगढ़ से गिरफ्तार किया है।

मथुरा,उत्तर प्रदेश। महिला बैंककर्मी को परेशान करने, निजी जानकारी जुटाने, रेकी करने और आपत्तिजनक संदेश भेजने के आरोप में पुलिस ने समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश सचिव रहे 38 वर्षीय सैयद राजन अहमद रिजवी को अलीगढ़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी मुकदमा दर्ज होने के बाद से फरार था और अलीगढ़ के धर्रामाफी गांव में रिश्तेदार के घर छिपा हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, मथुरा की एक बैंककर्मी महिला ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि राजन रिजवी ग्राहक बनकर बैंक आता था और इसी दौरान उसने बिना अनुमति महिला का निजी मोबाइल नंबर हासिल कर लिया। महिला द्वारा संपर्क से इनकार करने पर निजी कॉल विवरण निकलवाने की धमकी देने और आपत्तिजनक संदेश भेजने का भी आरोप लगाया गया।
पीड़िता ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि आरोपी बैंक के बाहर खड़ी उसकी कार की तस्वीरें लेता था और उसके पति, घर के कुक तथा चालक से जुड़ी निजी जानकारियां जुटाने का प्रयास करता था। महिला के अनुसार, नंबर ब्लॉक करने के बाद भी आरोपी के रात में उसकी कॉलोनी के आसपास दिखाई देने की शिकायत की गई। इन गतिविधियों के संबंध में सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों का भी उल्लेख किया गया है।
महिला की शिकायत के आधार पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। रविवार को कोतवाली प्रभारी विनोद बाबू मिश्रा और स्वाट प्रभारी महावीर सिंह की टीम ने दबिश देकर आरोपी को अलीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपों से जुड़े तथ्यों की जांच जारी है।




