मैकाल क्लब में संभाग स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य समापन

सुमिता शर्मा/जिला ब्यूरो चीफ

अनूपपुर,मध्य प्रदेश। मैकाल क्लब अनूपपुर में आयोजित तीन दिवसीय संभाग स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में शहडोल संभाग के शहडोल, उमरिया, धनपुरी, ब्यौहारी, कोतमा, बिजुरी और भालूमाड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने भाग लेकर खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का आयोजन जिला खेल अधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम के मार्गदर्शन में हुआ। आयोजन की सफलता में जयंत राव, राजा, आदिल, नितिन यादव, वरुण चटर्जी सहित अनूपपुर के खिलाड़ियों और आयोजन समिति के सदस्यों का योगदान रहा। समापन समारोह में वरिष्ठ खिलाड़ी अशोक यादव मुख्य अतिथि रहे, जबकि जल संसाधन विभाग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कामता प्रसाद करियाम ने अध्यक्षता की। विभिन्न खेल संगठनों के पदाधिकारी, वरिष्ठ खिलाड़ी, रेफरी और प्रशिक्षक भी मौजूद रहे।
अंतिम दिन हुए फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार तकनीक और खेल भावना का प्रदर्शन किया। ओपन डबल्स में धनपुरी के इरफान और प्रदीप की जोड़ी विजेता रही, जबकि अनूपपुर के राजा और आदिल उपविजेता रहे। ओपन सिंगल्स में धनपुरी के प्रदीप ने पहला स्थान हासिल किया और अनूपपुर के आदिल उपविजेता रहे। वेटरन्स डबल्स 40 से अधिक आयु वर्ग में चचाई के मनीष और राकेश की जोड़ी विजेता तथा धनपुरी के मुख्तार और अजहर की जोड़ी उपविजेता रही।
समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं। आयोजन समिति ने कहा कि इस तरह की संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं से स्थानीय और ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है तथा उनमें खेल के प्रति रुचि और प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ती है। कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, खेलप्रेमियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button