जीटीबी अस्पताल रेड लाइट पर यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, गलत दिशा में चलने वालों के किए गए चालान
शाहदरा ट्रैफिक सर्किल के जीटीबी अस्पताल रेड लाइट पर यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया। डीसीपी ट्रैफिक ईस्टर्न रेंज श्वेता सिंह चौहान के निर्देशन और ट्रैफिक निरीक्षक संजय द्विवेदी के नेतृत्व में गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना हेलमेट और बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने वालों की जांच कर चालान किए गए।

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड
दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली यातायात पुलिस के शाहदरा सर्किल में डीसीपी ट्रैफिक के निर्देशन और ट्रैफिक इंस्पेक्टर संजय द्विवेदी के नेतृत्व में यातायात नियमों के पालन, सड़क सुरक्षा और अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है और जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है।
शाहदरा ट्रैफिक सर्किल के अंतर्गत जीटीबी अस्पताल रेड लाइट पर डीसीपी ट्रैफिक ईस्टर्न रेंज श्वेता सिंह चौहान के निर्देश पर गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना हेलमेट और बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया। जीटीबी अस्पताल नजदीक होने के कारण कई लोग जल्दबाजी में अपनी जान की परवाह किए बिना गलत दिशा में वाहन चलाते हैं या बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाते हैं। इसे देखते हुए ट्रैफिक इंस्पेक्टर संजय द्विवेदी ने अपनी टीम को विभिन्न स्थानों पर विशेष जांच करने के निर्देश दिए।
अभियान के दौरान जीटीबी अस्पताल रेड लाइट पर गलत दिशा से आने वाले वाहनों और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों की विशेष रूप से जांच की गई। उपनिरीक्षक दिनेश पटवाल, सहायक उपनिरीक्षक रविंदर, सहायक उपनिरीक्षक सुधीर और हेड कांस्टेबल हरिओम कौशिक की टीम ने अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ जांच कर नियमानुसार चालान की कार्रवाई की।
अभियान के दौरान कुछ लोग बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाते हुए पकड़े गए और उन्होंने मेडिकल आपात स्थिति का हवाला दिया। उनकी बीमारी और आपात स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाकर छोड़ दिया। वहीं, कुछ लोग कार्रवाई से बचने के लिए अलग-अलग बहाने बनाते नजर आए, जिनके खिलाफ नियमानुसार चालान किए गए।
वाहनों की जांच के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि यातायात व्यवस्था बाधित न हो और आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया। साथ ही, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं और गंभीर चोटों के खतरे के बारे में भी लोगों को जानकारी दी गई।
ट्रैफिक इंस्पेक्टर संजय द्विवेदी ने बताया कि क्षेत्र में लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए उनकी टीम लगातार प्रयास कर रही है और स्थानीय लोगों से भी अपील की जा रही है कि वे अपनी जिम्मेदारी समझें तथा वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आम जनता का सहयोग भी आवश्यक है।




