छतरपुर के स्कूल में शिक्षिका के सोने और शिक्षक के जुआ खेलने का वीडियो वायरल, तीन को नोटिस

मध्य प्रदेश के एक सरकारी स्कूल का वीडियो वायरल हो रहा है। मैडम क्लास में आराम से सो रही हैं। वहीं, एक शिक्षक दूसरी जगह जाकर जुआ खेल रहा था। तीसरा शिक्षक भी सोते हुए पाया गया है। सभी को शिक्षा विभाग ने नोटिस जारी किया है।

छतरपुर,मध्य प्रदेश। छतरपुर जिले में सरकारी स्कूल की शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में एक महिला शिक्षिका कक्षा के भीतर सोती हुई दिखाई दे रही हैं, जबकि आसपास बच्चे खेलते नजर आ रहे हैं। वहीं, एक अन्य वीडियो में स्कूल के एक शिक्षक के कथित तौर पर जुआ खेलने का मामला सामने आया है। तीसरे वीडियो में भी एक शिक्षक के सोने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि महिला शिक्षिका का नाम रेखा मानव है। हालांकि, सोशल मीडिया पर प्रसारित इन वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मामला सामने आने के बाद छतरपुर जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित स्कूल से जुड़े तीन अलग-अलग वीडियो की जानकारी मिलने की पुष्टि की है।
जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में एक शिक्षक के कथित तौर पर जुआ खेलने, दूसरे में महिला शिक्षक के कक्षा में सोने और तीसरे में एक अन्य शिक्षक के सोने की स्थिति दिखाई देने की जानकारी मिली है। विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित तीनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
अधिकारियों के मुताबिक, शिक्षकों के जवाब और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। यदि जांच में शासकीय नियमों या अनुशासन से संबंधित उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित शिक्षकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
छतरपुर जिले के सरकारी स्कूलों से जुड़े वीडियो पहले भी सोशल मीडिया पर सामने आते रहे हैं, जिनमें शिक्षकों की कथित लापरवाही और विद्यालयों की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाए गए हैं। कादरी गांव के स्कूल से जुड़े इन वीडियो ने एक बार फिर सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की जिम्मेदारी और शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर चर्चा छेड़ दी है।
फिलहाल शिक्षा विभाग ने तीनों शिक्षकों से जवाब तलब किया है। विभागीय जांच और शिक्षकों के स्पष्टीकरण के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही परिस्थितियों की वास्तविकता क्या थी और संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध किस प्रकार की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button