कॉकरोच फिर आ रहे हैं दिल्ली, 5 सितंबर को युवा मार्च निकालेगी कॉकरोच जनता पार्टी
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने 5 सितंबर को दिल्ली में युवा मार्च निकालने की घोषणा की है। पार्टी का आरोप है कि सरकार जुलाई में किए गए आंदोलन के वादों को पूरा करने में विफल रही है।

नई दिल्ली/एजेंसी। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने दिल्ली में आगामी 5 सितंबर को युवा मार्च निकालने का ऐलान किया है। पार्टी का आरोप है कि जुलाई में हुए आंदोलन के दौरान सरकार की ओर से किए गए वादों को अब तक पूरा नहीं किया गया है। पार्टी के अनुसार, प्रस्तावित मार्च इंडिया गेट से शुरू होकर नई दिल्ली स्थित पुलिस मुख्यालय तक जाएगा।
सीजेपी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की ओर से जारी बयान के मुताबिक, मार्च में जुलाई के आंदोलन में कथित रूप से प्रभावित लोगों के परिवारों के साथ छात्र और युवा संगठनों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। संगठन ने इसे शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन बताया है।
पार्टी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने 25 जुलाई को युवाओं, छात्रों और प्रदर्शनकारियों से जो आश्वासन दिए थे, उनमें प्रदर्शनकारियों और छात्रों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी वापस लेने से जुड़े वादे भी शामिल थे। सीजेपी का कहना है कि सरकार की ओर से इन आश्वासनों को पूरा करने में लगातार देरी और टालमटोल की जा रही है।
सीजेपी की राष्ट्रीय कार्यसमिति ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि आश्वासनों के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। पार्टी का आरोप है कि सरकार स्पष्ट आश्वासन देने से बचती रही है और संबंधित मामलों में कार्रवाई में देरी की गई है।
बयान में उच्चतम न्यायालय में चल रही कार्यवाही का भी उल्लेख किया गया। सीजेपी के अनुसार, 18 अगस्त को न्यायालय ने देशभर में दर्ज प्राथमिकी की सूची मांगी थी, ताकि संबंधित मामलों पर एक साथ विचार किया जा सके। पार्टी का दावा है कि इस मामले में सरकार की ओर से अब तक कोई स्पष्ट आश्वासन सामने नहीं आया है।
सीजेपी ने कहा कि सरकार द्वारा कथित तौर पर वादे पूरे नहीं किए जाने के विरोध में संगठन ने दोबारा शांतिपूर्ण तरीके से लामबंद होने का निर्णय लिया है। प्रस्तावित युवा मार्च को लेकर संगठन की ओर से तैयारियां शुरू किए जाने की बात कही गई है।






