पुरानी दिल्ली से पाकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार, डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 15 अगस्त के आसपास पुरानी दिल्ली से अवैध रूप से रह रहे एक पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया, जो नेपाल सीमा से भारत में दाखिल हुआ था।

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड

दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी में अवैध रूप से रह रहे एक पाकिस्तानी नागरिक को स्वतंत्रता दिवस के दिन पुरानी दिल्ली इलाके से गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नेपाल सीमा के रास्ते भारत में दाखिल हुआ था और दिल्ली के एक रेस्टोरेंट में काम कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की मां शादी से पहले भारतीय नागरिक थीं और दिल्ली की रहने वाली थीं। विवाह के बाद उन्होंने पाकिस्तान की नागरिकता ग्रहण कर ली थी। आरोपी के भारत में रहने की परिस्थितियों और उसके दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
गिरफ्तारी के बाद क्राइम ब्रांच के साथ केंद्रीय एजेंसियों ने आरोपी से पूछताछ की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अब तक की जांच में आरोपी का किसी आतंकी गतिविधि या आतंकी संगठन से संबंध सामने नहीं आया है। पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी को फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) के हवाले कर दिया गया है। अब उसे पाकिस्तान वापस भेजने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
दिल्ली पुलिस की ओर से विदेशियों के अवैध रूप से रहने के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन VISTA 1.0’ के तहत भी कार्रवाई जारी है। इसी अभियान के दौरान पुलिस ने नबी करीम इलाके के एक होटल से दो बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया था।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान 23 वर्षीय मोहम्मद अनहारुल इस्लाम और 27 वर्षीय तारिकुल इस्लाम के रूप में हुई। जांच में पता चला कि दोनों 23 जून को भारत आए थे और उनके डबल-एंट्री वीजा की निर्धारित 15 दिन की अवधि समाप्त होने के बावजूद वे भारत में रह रहे थे।
दिल्ली पुलिस अब अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और उनके दस्तावेजों की जांच के लिए अभियान को आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों के अनुसार, ऐसे मामलों में कानूनी प्रक्रिया के तहत संबंधित विदेशी नागरिकों को उनके देश वापस भेजने की कार्रवाई की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button