शादी के लिए रखे लाखों रुपये ठगों ने उड़ाए, गरीब पिता के लिए मसीहा बने गाजियाबाद के दारोगा

लोनी/गाजियाबाद। गाजियाबाद पुलिस के एक इंस्पेक्टर रविवार को अचानक सुर्खियों में आ गए। हालांकि इस बार वजह करप्शन या गलत व्यवहार नहीं, बल्कि उनकी ओर से किया गया सराहनीय काम है। ऐसा काम जिसकी चर्चा हर तरफ हो रही है। दरअसल, लोनी बॉर्डर थाने के प्रभारी डॉ. राम सेवक ने एक लाचार पिता की मदद करते हुए उसकी बेटी का शादी का खर्चा उठाया है। उन्होंने यह जिम्मेदारी उस वक्त ली, जब परिवार के पास कुछ भी नहीं था और कोई भी मदद को आगे नहीं आ रहा था। शादी के लिए समय भी नहीं बचा था, अपने काम नहीं आ रहे थे। ऐसे में डॉ. राम सेवक को जब पता चला तो उन्होंने मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया।
जानकारी के अनुसार, लोनी बॉर्डर की विकास कुंज कॉलोनी में रहने वाले बलराम सिंह और उनकी पत्नी लक्ष्मी दिव्यांग हैं। दोनों गरीब भी हैं। उन्होंने बताया कि बेटी कोमल की शादी के लिए कई साल से 2-3 लाख रुपये जमा कर रहे थे। उन्होंने बेटी की शादी भी तय की। शादी 4 दिसंबर को थी और घर में इसकी तैयारियां तेजी से चल रही थी। अचानक कुछ दिन पहले उनके पास ठगों की कॉल आई और उन्होंने उनके खाते से रुपये उड़ा लिए।
रुपये वापस पाने के लिए रोज जाते थे थाने
पीड़ित पिता ने ठगी की शिकायत लोनी बॉर्डर थाने में दी। शिकायत देने के बाद वह रोजाना थाने के चक्कर लगाते थे और थाना प्रभारी से ठगों को पकड़कर रुपये वापस दिलाने की अपील करते रहे। कई दिनों बाद भी जब रुपये वापस नहीं मिले तो एक दिन वह थाने में भावुक हो गए। थाना प्रभारी ने पूछा तो सारी बात बताई। उन्होंने कहा कि बेटी की शादी के कुछ दिन बाकी हैं और रुपये नहीं हैं। अब उनके पास शादी तोड़ने के अलावा कोई और विकल्प नहीं है।
तकलीफ सुनकर थाना प्रभारी ने ली जिम्मेदारी
पीड़ित की बात सुनकर थाना प्रभारी डॉ. रामसेवक ने उनको ढांढस बंधाते हुए रिश्ता न तोड़ने की सलाह दी। उन्होंने बलराम सिंह से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इसके बाद थाना प्रभारी उस परिवार की मदद की तैयारी करने लगे। उन्होंने अपने पैसों से लड़की की शादी का सारा जरूरी सामान खरीदकर पिता को रविवार (3 दिसंबर) को दिया। शादी का सामान देखकर पूरा परिवार खुश हुआ। बलराम सिंह ने पूरे थाने को शादी में बुलाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button