गाजियाबाद में पुलिस की दो मुठभेड़, चार चेन स्नैचर गिरफ्तार; 50 से अधिक वारदात का खुलासा

गाजियाबाद पुलिस ने एनकाउंटर के बाद दिल्ली-एनसीआर में स्नैचिंग करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 50 से अधिक वारदात की बात कबूली है।

गाजियाबाद। दिल्ली-एनसीआर में स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देकर आतंक मचाने वाले बदमाशों के खिलाफ गाजियाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग मुठभेड़ों के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से तीन बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने पूछताछ में 50 से अधिक स्नैचिंग की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पहली मुठभेड़ इंदिरापुरम क्षेत्र में शुक्रवार देर रात वैशाली पुलिया के पास हुई। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के अनुसार, पुलिस टीम ने बाइक सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही दोनों बदमाश बाइक लेकर भागने लगे। कुछ दूरी पर उनकी बाइक फिसल गई। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी करण उर्फ कान्हा और शाहरुख के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, दोनों चोरी की बाइक का इस्तेमाल कर चेन और मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देते थे। वारदात के बाद बाइक को रास्ते में ही छोड़कर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देसी तमंचे, दो कारतूस, दो खोखा कारतूस, पीली धातु का एक टुकड़ा और बिना नंबर की बाइक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ दिल्ली और गाजियाबाद में करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें अधिकांश मामले स्नैचिंग से जुड़े हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान इनसे कई अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
इसी क्रम में मोदीनगर क्षेत्र में भी पुलिस और चेन लुटेरों के बीच मुठभेड़ हुई। निवाड़ी रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम से बचने का प्रयास किया और मुठभेड़ की स्थिति बन गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल बदमाश समेत उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया।
एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेरठ के लिसाड़ी रोड क्षेत्र निवासी जैनुल और साहिद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों पर चेन लूट की कई वारदातों में शामिल होने का संदेह है। दो अगस्त को निवाड़ी रोड चौकी क्षेत्र में एक महिला से हुई चेन लूट की घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम जांच कर रही थी। इसी दौरान दोनों आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े।
मोदीनगर पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 78 हजार रुपये नकद, एक स्कूटी और तमंचा बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क और पूर्व में की गई वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय स्नैचिंग गिरोहों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य घटनाओं के खुलासे और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button