हाफिज सईद का समर्थक होने का दावा, पाकिस्तानी गृह मंत्री शेख रशीद ने भारत को दी धमकी
इमरान खान के करीबी माने जाने वाले रशीद ने दावा किया कि उन्हें अमेरिका से इसलिए निकाल दिया गया क्योंकि उनके फोन में हाफिज सईद का नंबर मिला था। उन्होंने खुद को हाफिज सईद का गुलाम बताया।

इस्लामाबाद/एजेंसी। पाकिस्तान के पूर्व गृह मंत्री शेख रशीद ने आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद के साथ अपने संबंधों को लेकर कथित तौर पर खुलकर बयान दिया है। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में रशीद खुद को हाफिज सईद का समर्थक और अनुयायी बताते नजर आ रहे हैं। हालांकि, वीडियो कब का है, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शेख रशीद ने कहा कि वह हाफिज सईद के अनुयायी हैं। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका से उन्हें इसलिए बाहर किया गया था, क्योंकि उनके मोबाइल फोन में हाफिज सईद का नंबर मिला था। इसके बाद उन्होंने भारत के खिलाफ आपत्तिजनक और धमकी भरे बयान भी दिए।
वीडियो में रशीद भारत को कथित तौर पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने पाकिस्तान की ओर भारत के देखने पर उसे तबाह करने जैसी भाषा का इस्तेमाल किया। इस दौरान मंच पर कथित तौर पर लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े कुछ लोग भी मौजूद दिखाई दे रहे हैं।
हाफिज सईद लश्कर-ए-तैयबा का संस्थापक है और भारत में हुए कई आतंकी हमलों से उसका नाम जुड़ा रहा है। उसे मुंबई में हुए 26/11 आतंकी हमलों का प्रमुख साजिशकर्ता माना जाता है। लश्कर-ए-तैयबा को अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र समेत कई देशों एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं ने आतंकवादी संगठन के रूप में प्रतिबंधित किया है।
शेख रशीद पाकिस्तान के पूर्व गृह मंत्री और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के करीबी नेताओं में रहे हैं। उनके इस कथित बयान के सामने आने के बाद भारत विरोधी बयानबाजी और पाकिस्तान में आतंकवादी संगठनों से जुड़े राजनीतिक संबंधों को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।




