कटड़ा में सुहावने मौसम के बीच मां वैष्णो देवी की यात्रा जारी, हेलीकॉप्टर सेवा आंशिक रूप से स्थगित

सुहाने मौसम के बीच मां वैष्णो देवी की यात्रा सुचारु रूप से जारी रही, बैटरी कार सेवा बहाल कर दी गई जबकि हेलीकॉप्टर सेवा बादलों के कारण स्थगित करनी पड़ी।

संवाददाता/सुदेश कुमार

कटड़ा/जम्मू। सुहाने मौसम के बीच वीरवार को मां वैष्णो देवी की यात्रा सुचारु रूप से जारी रही। दिनभर बारिश नहीं होने से श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली, जबकि ठंडी हवाओं और धूप-छांव के बीच मौसम बेहद खुशनुमा बना रहा। हालांकि सुबह कुछ घंटों तक हेलीकॉप्टर सेवा संचालित हुई, लेकिन त्रिकूट पर्वत पर घने बादल छा जाने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से इसे बाद में स्थगित कर दिया गया।
श्राइन बोर्ड द्वारा वीरवार को महत्वपूर्ण बैटरी कार मार्ग भी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया, जिससे बड़ी संख्या में यात्रियों ने इस सुविधा का लाभ उठाया। वहीं, कई श्रद्धालु पैदल ही इसी मार्ग से भवन की ओर बढ़ते नजर आए। दिनभर सभी यात्रा मार्ग पूरी तरह सुचारु रहे और कहीं से भी किसी प्रकार की असुविधा की सूचना नहीं मिली।
यात्रा के दौरान रोपवे, पालकी, पिट्ठू और घोड़ा सेवाएं भी नियमित रूप से संचालित होती रहीं। मां वैष्णो देवी के दर्शन के उपरांत श्रद्धालु भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के दर्शन कर अपनी यात्रा पूर्ण करते रहे। इसके बाद श्रद्धालुओं ने कटड़ा बाजार में प्रसाद और धार्मिक सामग्री की खरीदारी की, जिससे बाजारों में दिनभर रौनक बनी रही।
बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्गों पर सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। श्राइन बोर्ड, प्रशासन, पुलिस, सीआरपीएफ और आपदा प्रबंधन दल के अधिकारी व जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात रहकर यात्रा पर सतत निगरानी बनाए हुए हैं।
वीरवार को श्रद्धालु आरएफआईडी यात्रा कार्ड प्राप्त कर परिवार और मित्रों के साथ माता के जयकारे लगाते हुए भवन की ओर रवाना होते रहे। बुधवार को लगभग 20 हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में दर्शन किए थे, जबकि वीरवार को शाम चार बजे तक करीब 14 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवा कर यात्रा पर निकल चुके थे। देर शाम तक श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button