गोरखपुर की तहसील में डंडा लेकर कानूनगो को ढूंढने पहुंच गई महिला, कर्मचारियों ने कमरे में छिपाया

गोरखपुर के खजनी तहसील में पहुंची महिला ने कानूनगो पर रिश्‍वत लेकर भी काम नहीं करने का आरोप लगाया। महिला की हरकतें देखकर वहां अफरा-तफरी मच गई।

गोरखपुर/उत्तर प्रदेश। खजनी तहसील परिसर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला डंडा लेकर पहुंची और कानूनगो पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगी। महिला ने आरोप लगाया कि नाले की पैमाइश कराने के नाम पर उससे 10 हजार रुपये लिए गए, लेकिन इसके बावजूद अब संबंधित कानूनगो काम करने से इनकार कर रहा है।
सिकरीगंज थाना क्षेत्र के ढाडी जोत गांव की रहने वाली पुष्पा देवी तहसील परिसर में कानूनगो को खोजते हुए जोर-जोर से चिल्लाने लगी और अपशब्दों का प्रयोग करने लगी। महिला के इस रौद्र रूप को देखकर तहसील कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। स्थिति को देखते हुए कर्मचारियों ने संबंधित कानूनगो को एक कमरे में सुरक्षित कर बाहर से दरवाजा बंद कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला ने करीब आधे घंटे तक तहसील परिसर में हंगामा किया, जिससे वहां भीड़ एकत्र हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम खजनी आनंद कुमार कटारिया मौके पर पहुंचे और महिला की शिकायत सुनकर उसे शांत कराया। उन्होंने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद महिला का आक्रोश शांत हुआ।
महिला ने बताया कि उसके घर के सामने सरकारी चकनाली पर पड़ोसी ने कब्जा कर रखा है। वह 4 अप्रैल 2026 से इसकी पैमाइश कराने के लिए राजस्व विभाग के चक्कर लगा रही है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसका आरोप है कि पैमाइश के लिए कानूनगो ने उससे नकद रुपये लिए, फिर भी मौके पर नहीं पहुंचे। महिला का कहना है कि वह मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, एसडीएम खजनी, थाना सिकरीगंज और समाधान दिवस में कई बार शिकायत कर चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
एसडीएम आनंद कुमार कटारिया ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार सिकरीगंज जाकिर हुसैन, राजस्व निरीक्षक और संबंधित लेखपाल की संयुक्त टीम गठित की गई है। टीम को दो दिन के भीतर चकनाली की पैमाइश कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मामले का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button