चीन में बाढ़ के बाद पानी में तैरने लगे हजारों सांप, कई लोगों को काटा; एक महिला की मौत
चीन के गुआंग्शी प्रांत में भारी बाढ़ के कारण सैकड़ों सांप ब्रीडिंग फार्म से भाग निकले हैं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई है।

गुआंग्शी। चीन इन दिनों भारी बारिश और बाढ़ की चपेट में है। शहर के कई इलाके जलमग्न है। इन सबके बीच गुआंग्शी इलाके के लोगों को एक अप्रत्याशित घटना का सामना करना पड़ रहा है, दरअसल सैकड़ों सांपों ने इस इलाके पर कब्जा कर लिया है।
सरकारी ब्रॉडकास्टर सीसीटीवी के मुताबिक, गुआंग्शी में भारी बाढ़ के चलते ब्रीडिंग फार्म से सैकड़ों सांप भाग निकले, जिससे अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहना पड़ रहा है। ग्लोबल टाइम्स और अन्य चीनी मीडिया आउटलेट्स की रिपोर्ट के अनुसार, कम से कम 900 सांप खुले में घूम रहे हैं।
खबर है कि गुआंग्शी के शहर हेंगझोउ में एक महिला की सांप के काटने से मौत हो गई; बाढ़ और रास्तों के बंद होने के कारण वह समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाई थी। सोशल मीडिया पर बाढ़ के पानी में तैरते सांपों के वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें लोगों को जांघ तक गहरे पानी में उन फुर्तीले सांपों को पकड़ने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है।
ग्लोबल टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जो सांप फार्म से भाग निकले हैं, उनमें कोबरा जैसे जहरीले सांप भी शामिल हैं। भागे हुए सांपों को पकड़ने के लिए टीमें तैनात की गई हैं और अधिकारियों ने सांप के काटने से पीड़ित लोगों के तुरंत इलाज के लिए अस्थायी मेडिकल क्लिनिक भी बनाए हैं।
बता दें गुआंग्शी चीन में कमर्शियल सांप पालन का सबसे बड़ा हब है, जहां पारंपरिक दवाओं, चमड़े के सामान और मांस के लिए लगभग 3 करोड़ (30 मिलियन) सरीसृपों (रेप्टाइल्स) को पाला जाता है। बुधवार को क्षेत्रीय कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया कि हेंगझोउ इलाके के कई गांवों के पानी में डूबने के बाद कुछ जगह पानी में सांप देखे गए हैं।’
दरअसल इस इलाके में खतरनाक उफान के बाद जलाशय टूट गए और पानी का तेज बहाव कस्बों और शहरों में घुस गया। इस दौरान छह लोगों की मौत हो गई और लगभग 1,30,000 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाइ गये। गुआंग्शी क्षेत्रीय प्रचार कार्यालय के अनुसार, बचाव अभियान में 8,000 से ज़्यादा लोग और लगभग 5,700 नावें तैनात की गई हैं।




