एसपी के निर्देश पर जनपद में सघन चेकिंग अभियान, संदिग्धों व वाहनों की हुई व्यापक जांच

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ
कौशांबी/उत्तर प्रदेश। कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से कौशांबी पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत के निर्देश पर बुधवार को पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने एक साथ मोर्चा संभालते हुए संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और गतिविधियों की गहन जांच की।
अभियान के तहत प्रमुख चौराहों, बाजारों, हाईवे तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष चेकिंग की गई। पुलिसकर्मियों ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनके आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। बिना कागजात, संदिग्ध या नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की गई।
इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले इलाकों में संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी गई। पुलिस टीमों ने लोगों से बातचीत कर सुरक्षा संबंधी जानकारी भी साझा की और सतर्क रहने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों में भय और आमजन में सुरक्षा का भाव उत्पन्न करना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
पुलिस ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी थाना या आपातकालीन सेवा 112 पर सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। इस सघन अभियान से जहां अपराधियों में हड़कंप मचा रहा, वहीं आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत होता नजर आया।


