पहाड़गंज में 30 लाख की रंगदारी व फायरिंग कांड का खुलासा, अंतरराज्यीय उगाही गैंग का भंडाफोड़; पांच आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मध्य दिल्ली के पहाड़गंज में 30 लाख की रंगदारी और फायरिंग मामले में अंतरराज्यीय उगाही गैंग का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में बिल्डर-होटल कारोबारी समेत पांच आरोपी गिरफ्तार किए गए, जिसमें मुख्य शूटर मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में पकड़ा गया।

नई दिल्ली। मध्य दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में 30 लाख रुपये की रंगदारी और फायरिंग के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक अंतरराज्यीय उगाही गैंग का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में बिल्डर व होटल कारोबारी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य शूटर को मुठभेड़ के बाद दबोचा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में बहादुरगढ़ निवासी मुख्य शूटर पवन कुमार उर्फ पवन पहलवान, गौतमबुद्ध नगर का हिस्ट्रीशीटर शक्ति सिंह, विशाल भाटी उर्फ भांजा, स्थानीय बिल्डर व होटल कारोबारी पवन कुमार उर्फ पवन चेतली तथा उसका सहयोगी राजेश सचदेवा उर्फ सोनू मोटा शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात आईटीओ स्थित कब्रिस्तान के पास मुख्य आरोपी पवन पहलवान को पकड़ने का प्रयास किया गया। खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दोनों पैरों में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, दो कारतूस, तीन खोखे और एक चोरी की बाइक बरामद की है। जांच में सामने आया कि पूरी साजिश पवन चेतली, पवन पहलवान और राजेश सचदेवा ने मिलकर रची थी। पवन चेतली इलाके में दबदबा बनाने और प्रतिद्वंद्वियों को डराने के लिए रंगदारी वसूलने का नेटवर्क चला रहा था।
मामले के अनुसार, 29 जून को बदमाशों ने राहुल जिंदल नामक बिल्डर के कार्यालय में घुसकर उसके पिता महेश चंद को पिस्टल दिखाते हुए 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और तत्काल पांच लाख रुपये देने का दबाव बनाया। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से कई राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद नबी करीम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। स्पेशल स्टाफ और थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने जांच के दौरान सबसे पहले विशाल भाटी को गिरफ्तार किया, जिसकी पूछताछ में पूरे गिरोह का खुलासा हुआ। उसके बयान के आधार पर शक्ति सिंह को कोलकाता से पकड़ा गया, जबकि बाद में पवन चेतली और राजेश सचदेवा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि पवन चेतली अपने सहयोगियों के साथ मिलकर इलाके के होटल मालिकों और बिल्डरों को निशाना बनाकर संगठित रूप से रंगदारी वसूल रहा था। मुख्य शूटर पवन पहलवान को इसी मकसद से पहाड़गंज और नबी करीम क्षेत्र में सक्रिय किया गया था। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: 30 लाख की रंगदारी, बिल्डर पर फायरिंग और इंटरस्टेट गैंग का पर्दाफाश; पहलवान पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button