ग्रेटर नोएडा में डेढ़ करोड़ के 316 चोरी के मोबाइल फोन बरामद, दो बदमाश गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार कर 1.50 करोड़ रुपये के 316 चोरी के आईक्यूओओ मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से आइक्यूओओ कंपनी के चोरी के 316 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये आंकी गई है। आरोपितों से फर्जी नंबर प्लेट लगा आटो भी बरामद किया है। गिरोह के तीन सदस्य 21 जून को भी गिरफ्तार किए गए थे।
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार के मुताबिक, शनिवार को पुलिस टीम ने सेक्टर-148 मेट्रो स्टेशन के पास से दादूपुर निवासी विजय उर्फ नीटू और बुलंदशहर निवासी मिथुन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि अन्य साथियों के साथ मिलकर दिल्ली के द्वारका क्षेत्र स्थित वेयरहाउस से मोबाइल फोन चोरी किए थे।
इस संबंध में थाना सेक्टर-23 द्वारका, दिल्ली में पहले से मामला दर्ज है। आरोपित चोरी के मोबाइल फोन खपाने की फिराक में थे। इससे पहले ही पुलिस ने धर लिया। जांच में पता चला कि गिरोह का सरगना हापुड़ निवासी मनोज है, जो घटना के बाद से फरार है। उसी के इशारे पर आरोपितों ने दिल्ली से मोबाइल चोरी किए थे। आरोपित विजय फरार सरगना मनोज का बहनोई है। वारदात के बाद से मनोज ने अपना मोबाइल बंद कर रखा है। पुलिस रिकार्ड के अनुसार गिरफ्तार विजय पर हापुड़ जिले के पिलखुवा कोतवाली में दुष्कर्म, आपराधिक षड्यंत्र, धमकी और पाक्सो एक्ट के मामले दर्ज हैं।
21 जून को भी नालेज पार्क पुलिस ने इसी गिरोह के तीन सदस्यों को पकड़कर उनके कब्जे से चोरी के 100 मोबाइल फोन बरामद किए थे, जिनकी कीमत करीब 50 लाख रुपये थी। इस तरह अब तक कुल 416 मोबाइल बरामद हो चुके हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के मोबाइल की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि चोरी के मोबाइल किन राज्यों और बाजारों में खपाए जाते थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button