सास और पत्नी की हत्या करने वाला आरोपी 13 साल बाद चेन्नई से गिरफ्तार

वसई-विरार क्षेत्र में सास और पत्नी की हत्या कर 13 साल से फरार चल रहे आरोपी अजमल अंसारी को क्राइम ब्रांच ने चेन्नई से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने गुस्से में आकर वारदात को अंजाम दिया था और पहचान छिपाकर अलग-अलग राज्यों में काम करता रहा।

कांती जाधव/महाराष्ट्र स्टेट हेड।

वसई-विरार। वसई विरार पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए क्राइम ब्रांच सेल-2 ने 13 साल से फरार आरोपी को चेन्नई से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपनी सास और पत्नी की बेरहमी से हत्या कर फरार हो गया था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान महोम्मद अजमल मोहम्मद मन्सुरी अंसारी उर्फ पोफल (44) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के मुंगेर जिले का निवासी है, जबकि हाल के वर्षों में वह तमिलनाडु के रेडहिल्स क्षेत्र में रह रहा था।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने गुस्से में आकर अपनी सास श्रीमती संजीदा मोहम्मद कयूम (तत्कालीन आयु 40 वर्ष) और अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी। आरोपी का कहना है कि उसे अपने नवजात बेटे से मिलने नहीं दिया जा रहा था, जिससे नाराज होकर उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
अपराध के बाद आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा। वह पहले कोलकाता में अपनी बहन के पास कुछ दिन रहा, इसके बाद तमिलनाडु में 5-6 साल तक बढ़ई का काम किया। फिर पंजाब में करीब एक साल काम करने के बाद पिछले 5 वर्षों से चेन्नई में “पोफल” नाम से छिपकर रह रहा था। क्राइम ब्रांच ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी का सुराग लगाया और एक विशेष टीम चेन्नई भेजी गई, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त संजय शिन्त्रे और पुलिस उपायुक्त (अपराध) संदीप डोइफोडे के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच सेल-2 वसई की टीम द्वारा सफलतापूर्वक अंजाम दी गई। पुलिस निरीक्षक अविराज कुराडे सहित पूरी टीम ने इस ऑपरेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button