बदायूं जिला अस्पताल में शर्मनाक घटना, मृत महिला के कानों से निकाल लिए कुंडल, सीसीटीवी में कैद मामला

यूपी के बदायूं जिला अस्पताल से एक बहुत ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शव से कर्मचारी ने कुंडल निकाल लिए। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

बदायूं/उत्तर प्रदेश। बदायूं जिला अस्पताल में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मृत महिला के शव से कथित तौर पर कुंडल उतार लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। हैरानी की बात यह है कि पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार दातागंज कस्बे की रहने वाली एक महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अस्पताल से बाहर ले जाने की प्रक्रिया शुरू की गई। आरोप है कि इसी दौरान अस्पताल स्टाफ से जुड़े एक युवक ने शव वाहन में रखने के बहाने महिला के कानों से कुंडल निकाल लिए।
परिजनों को जब मृतका के कानों में कुंडल नहीं दिखाई दिए तो उन्होंने अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में कथित रूप से युवक की हरकत सामने आने के बाद परिजनों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। परिजनों का कहना है कि जब अस्पताल में एक मृत महिला के आभूषण सुरक्षित नहीं हैं, तो अन्य मरीजों और उनके परिजनों का सामान कितना सुरक्षित होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
हालांकि बाद में तलाश के दौरान कुंडल अस्पताल परिसर में सीढ़ियों के नीचे मिले बताए जा रहे हैं। पीड़ित मोहम्मद उमर अंसारी ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत पत्र देकर निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button