नागपुर में वायुसेना अधिकारी की पत्नी से रेप और जबरन धर्मांतरण मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार, मौलाना ने किया सरेंडर

नागपुर में वायुसेना अधिकारी की पत्नी के साथ मारपीट, ब्लैकमेलिंग और जबरन धर्म परिवर्तन मामले में तीसरे आरोपी मौलाना मजरत महमूद मकसूद ने सरेंडर कर दिया है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब मौलाना से पूछताछ कर निकाहनामा और अन्य संभावित संलिप्तता की जांच करेगी, जबकि मुख्य आरोपी पहले से ही हिरासत में हैं।

मुंबई/एजेंसी। महाराष्ट्र के नागपुर में वायुसेना अधिकारी की पत्नी के साथ मारपीट, ब्लैकमेलिंग और जबरन धर्म परिवर्तन कराने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले का तीसरा आरोपी मौलाना मजरत महमूद मकसूद, जो लंबे समय से फरार चल रहा था, ने बुधवार देर रात सोनेगांव पुलिस स्टेशन में सरेंडर कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।इस मामले ने सप्ताह की शुरुआत में उस समय तूल पकड़ा था, जब पीड़िता ने अपने एक पुराने सहपाठी और उसके साथियों पर गंभीर आरोप लगाए थे। बताया गया है कि इस प्रकरण में मुख्य आरोपी अय्याज मदारे और उसका सहयोगी अमीन शेख पहले से ही पुलिस हिरासत में हैं। गिरफ्तार मौलाना पर आरोप है कि उसने कथित धर्म परिवर्तन और निकाह की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाई थी।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के दौरान और भी अहम खुलासे होने की संभावना है। जांच एजेंसियां निकाहनामा हासिल करने के साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि इस मामले में और कौन-कौन शामिल था तथा क्या अन्य महिलाओं के साथ भी इसी प्रकार की घटनाएं हुई हैं।
एफआईआर के अनुसार 8 फरवरी 2025 को एक होटल में हुई मुलाकात के दौरान मुख्य आरोपी ने महिला के पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाकर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बना लिए। इसके बाद आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर महिला को ब्लैकमेल किया और कथित रूप से उसके साथ कई बार यौन उत्पीड़न किया। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उससे करीब चार लाख रुपये भी जबरन वसूले गए।
पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने उसे जबरन धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल किया और उसकी इच्छा के विरुद्ध धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया। एक घटना में उसे कलमेश्वर ले जाया गया, जहां कथित तौर पर धार्मिक अनुष्ठान कर उसे जबरन धर्म स्वीकार करने के लिए मजबूर किया गया और बाद में निकाह की घोषणा कर दी गई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button