आरटीओ को चेकिंग करते देख चालकों ने ईस्टर्न पेरीफेरल हाईवे पर ही खाली कर दिए ओवरलोड डंपर
गौतमबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां आरटीओ को चेकिंग करते देख ओवरलोड डंपरों को चालकों ने बीच रोड पर ही खाली कर दिया और भाग गए।

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के थाना दादरी इलाके की चकसेनपुर के पास ईस्टर्न पेरीफेरल हाईवे पर ओवरलोड डंपर चालकों की लापरवाही से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। आरटीओ की कार्रवाई के डर से कुछ ट्रक चालकों ने अपने वाहनों से भारी-भरकम पत्थरों को जैक की मदद से सड़क पर ही गिरा दिए। सड़क पर अचानक पत्थर गिरने से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और ट्रैफिक जाम लग गया। हाईवे से गुजर रहे कई वाहन इन पत्थरों से टकरा गए। पत्थरों पर चढ़ने के कारण दर्जनों गाड़ियों के टायर फट गए। भीषण धूप में यात्री घंटों तक हाईवे पर फंसे रहे और उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं।
घटना की खबर मिलते ही थाना दादरी की पुलिस और ट्रैफिक विभाग तुरंत मौके पर पहुंचा। उन्होंने देखा कि पत्थरों के कारण किसी वाहन के फिसलने से हादसा हो सकता है। पुलिस ने जेसीबी और कर्मचारियों की मदद से सड़क पर पड़े भारी पत्थरों को हटाने का काम तुरंत शुरू कराया। कई वाहनों के टायर पंक्चर होने पर यात्रियों की राहत के लिए मौके पर पंक्चर मशीन भी बुलवाई गई।
पुलिस और ट्रैफिक टीम ने मिलकर गाड़ियों को बाहर निकाला और हाईवे पर यातायात बहाल कराया, जिससे अंततः लंबा जाम खुल गया और लोग जाम से मुक्त हुए। ईस्टर्न पेरीफेरल हाईवे जैसे व्यस्त मार्ग पर अचानक पड़े भारी पत्थर किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते थे, लेकिन समय पर पुलिस की तत्परता से स्थिति नियंत्रित कर ली गई। पुलिस अब सड़क पर पत्थर गिराने वाले ट्रक चालकों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
थाना दादरी प्रभारी ने बताया कि उन्हें सुबह ईस्टर्न पेरीफेरल हाईवे पर चकसेनपुर के पास डंपर से लाल बजरी और पत्थर फैलने की जानकारी मिली थी। उन्होंने तुरंत अपनी पुलिस टीम के साथ पहुंचकर कोई हादसा न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए बजरी को तत्काल हटाने का आदेश दिया। जेसीबी और पुलिसकर्मियों की मदद से बजरी को तीव्र गति से हटाया गया, ताकि यातायात बाधित न हो और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। अधिकारियों ने बताया कि ट्रक चालकों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और दोषी मिलने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




