नक्सलियों की कमर तोड़ने वाले आईपीएस सुंदरराज बने एनआईए में आईजी
केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में लंबे समय तक सेवाएं देने वाले वरिष्ठ आइपीएस अधिकारी सुंदरराज पी को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) में आइजी के पद पर नियुक्त किया है।

नई दिल्ली/एजेंसी। केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में लंबे समय तक सेवाएं देने वाले वरिष्ठ आइपीएस अधिकारी सुंदरराज पी को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) में आइजी के पद पर नियुक्त किया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस संबंध में छत्तीसगढ़ सरकार को पत्र जारी कर उनकी प्रतिनियुक्ति को मंजूरी दे दी है। गृह मंत्रालय द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि वर्ष 2003 बैच के आइपीएस अधिकारी सुंदरराज पी को सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर एनआइए भेजा जा रहा है।
राज्य सरकार से उन्हें तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करने का अनुरोध किया गया है, ताकि वे केंद्र में अपनी नई जिम्मेदारी संभाल सकें। 46 वर्षीय सुंदरराज पी ने बस्तर क्षेत्र में लगभग 12 वर्षों तक सेवा दी है। इनमें से करीब सात वर्ष उन्होंने लगातार बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आइजी) अथवा क्षेत्रीय पुलिस प्रमुख के रूप में बिताए।
बस्तर रेंज में दक्षिण छत्तीसगढ़ के सात जिले शामिल हैं, जो लंबे समय तक नक्सली गतिविधियों से प्रभावित रहे हैं। सुंदरराज पी को नक्सल विरोधी अभियानों के प्रभावी संचालन और सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का श्रेय दिया जाता है। माना जाता है कि उनकी रणनीतिक भूमिका ने केंद्र सरकार के नक्सलवाद उन्मूलन अभियान को गति देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।




