बिजली कटौती पर सवाल पूछने पर पत्रकार ही उलझा, ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा का वीडियो वायरल
यूपी के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का कहना है कि प्रदेश में ज्यादा बिजली कटौती नहीं हो रही है। लोड बढ़ने से थोड़ा ट्रिपिंग हो जाती है।

मिर्जापुर/उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के विंध्याचल दौरे के दौरान बिजली कटौती को लेकर पूछे गए एक सवाल पर दिलचस्प स्थिति बन गई, जब सवाल पूछने वाला पत्रकार ही अपने जवाब में उलझ गया। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दौरे के दौरान एक पत्रकार ने ऊर्जा मंत्री से प्रदेश में बढ़ रही बिजली कटौती को लेकर सवाल किया। इस पर मंत्री ने पत्रकार से ही पूछा कि उसे कितने घंटे बिजली मिल रही है। पत्रकार ने जवाब दिया कि उसे लगभग 20 घंटे बिजली मिल रही है। यह सुनते ही मौके पर मौजूद लोग हंस पड़े।
इस पर ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रदेश में बिजली कटौती अधिक नहीं हो रही है, बल्कि गर्मी के मौसम में बढ़े लोड के कारण कुछ स्थानों पर ट्रिपिंग की समस्या सामने आती है। उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में अब प्रदेश में कहीं अधिक बिजली उपलब्ध कराई जा रही है और यह स्थिति प्रदेश के इतिहास में पहली बार देखने को मिल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि ग्रामीण क्षेत्र विंध्याचल में 24 में से 20 घंटे बिजली मिल रही है, तो यह संतोषजनक है।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ यूजर्स ने टिप्पणी की कि एक ओर बिजली कटौती की बात कही जा रही है, वहीं दूसरी ओर 20 घंटे बिजली मिलने की बात भी सामने आ रही है।
गौरतलब है कि भीषण गर्मी के चलते उत्तर प्रदेश में बिजली की मांग बढ़ गई है, जिससे कई क्षेत्रों में ओवरलोडिंग के कारण बीच-बीच में आपूर्ति प्रभावित हो रही है। राजधानी लखनऊ के कुछ इलाकों में हाल के दिनों में गंभीर बिजली संकट देखने को मिला, जहां रात के समय लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई और विरोध-प्रदर्शन की स्थिति भी बनी।




