सांप के शरीर में फंसी चांदी की अंगूठी, तेल लगाकर निकालने की कोशिश हुई नाकाम तो जाना पड़ा ज्वेलर के पास

अजमेर में पुष्कर सरोवर के किनारे जब एक सांप तड़पता मिला, तो रेस्क्यू टीम ने जो देखा उसने सबके होश उड़ा दिए। सांप के शरीर में चांदी की अंगूठी फंसी थी। तेल लगाने पर भी जब अंगूठी नहीं निकली, तो सांप को ज्वेलर के पास ले जाया गया।

अजमेर/राजस्थान। अजमेर जिले के पुष्कर से एक बेहद अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। आपने लोगों को हाथों और पैरों में अंगूठी पहनते हुए तो देखा होगा, लेकिन किसी सांप के शरीर में चांदी की अंगूठी फंसी हो, ऐसा नजारा शायद ही कभी देखा गया होगा। दरअसल, पुष्कर सरोवर के किनारे एक सांप परेशान हालत में दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना एनिमल केयर सोसायटी को दी।
मौके पर पहुंची टीम ने जब सांप का रेस्क्यू किया तो उसके शरीर में चांदी की अंगूठी फंसी देखकर सभी हैरान रह गए। अंगूठी के कारण सांप को काफी परेशानी हो रही थी। टीम ने पहले तेल लगाकर अंगूठी निकालने का प्रयास किया, लेकिन सांप का शरीर मोटा होने के कारण सफलता नहीं मिली।
घटना की सूचना मिलने के बाद एनिमल केयर सोसायटी के सदस्य रोहित प्रिंस सांप को सुरक्षित तरीके से एक डिब्बे में रखकर ज्वेलर की दुकान पर ले गए। वहां ज्वेलर ने बेहद सावधानी से अंगूठी को काटकर बाहर निकाला। जैसे ही अंगूठी की कैद से सांप आजाद हुआ उसको काफी हद तक राहत मिली।
एनिमल केयर सोसायटी के हेमंत रायता के अनुसार, संभवतः किसी श्रद्धालु द्वारा सरोवर में दान की गई चांदी की अंगूठी छोटे और पतले सांप के शरीर में फंस गई होगी। समय के साथ सांप बड़ा और मोटा हो गया, जिससे अंगूठी उसके लिए परेशानी का कारण बन गई। अंगूठी हटाने के बाद सांप को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया। इस अनोखे रेस्क्यू को देखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button