ज्योति नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, झपटमारी व वाहन चोरी के दो शातिर आरोपी गिरफ्तार

उत्तर-पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी जिले के थाना ज्योति नगर पुलिस ने झपटमारी और वाहन चोरी के कई मामलों का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो चोरी के वाहन और दो बटनदार चाकू भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 9 जून 2026 को दिल्ली जल बोर्ड, सर्विस रोड, लोनी गोल चक्कर के पास गश्त के दौरान पुलिस टीम ने एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को देखा। रुकने का इशारा करने पर दोनों भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान साहिल उर्फ बिल्लू और शुभम उर्फ हिमांशु के रूप में हुई। तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक-एक बटनदार चाकू बरामद हुआ। जांच में पता चला कि उनकी मोटरसाइकिल ई-एफआईआर नंबर 012959/2026 थाना सीमापुरी से चोरी की गई थी।
आगे की पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर एक और चोरी की टीवीएस जुपिटर स्कूटी बरामद की गई, जिसे 20 मई 2026 को थाना हर्ष विहार में दर्ज ई-एफआईआर नंबर 011502/2026 में चोरी बताया गया था। इस संबंध में थाना ज्योति नगर में 9 जून 2026 को आर्म्स एक्ट की धाराओं 25/54/59 और बीएनएसएस की धारा 106 के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि साहिल उर्फ बिल्लू एक आदतन अपराधी है, जो पहले से झपटमारी, चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े छह मामलों में शामिल रहा है। वहीं शुभम उर्फ हिमांशु के खिलाफ भी इसी प्रकार के नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button