टीएसआई रमेश पंवार ने जान की बाजी लगाकर क्रिमिनल को दबोचा! इनाम में मिले 5100 रुपये

नोएडा सेक्टर-37 चौराहे पर यातायात व्यवस्था के दौरान टीएसआई रमेश पंवार ने साहस, सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए चलती बस से मोबाइल स्नैच कर भागने वाले मोबाइल चोर को पकड़ने का सराहनीय कार्य किया।

नोएडा। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट में तैनात एक जवान उस समय चर्चा में आया, जब उसने अपनी जान की परवाह न करते हुए चलती बस से मोबाइल स्नैच कर भागने वाले एक गिरोह के सदस्य को पकड़ कर स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। ट्रैफिक विभाग में टीएसआई पद पर तैनात इस बहादुर जवान का नाम रमेश पंवार है। जिन्होंने जनपद की जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने में बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की है। बताया जा रहा है कि अब इनकी इस बहादुरी की चर्चा हाईटेक सिटी नोएडा से राजधानी लखनऊ तक हो रही है। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्ध नगर लक्ष्मी सिंह ने उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए उन्हें नगद पुरस्कार से सम्मानित किया है।
गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट के एक जवान ने सोमवार को जिले की जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने में बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की। आज सुबह करीब साढ़े 8 बजे के आसपास नोएडा के सेक्टर-37 चौराहे पर यातायात व्यवस्था के दौरान तैनात टीएसआई (यातायात) रमेश पंवार ने चलती बस से मोबाइल स्नैच कर भागने वाले एक गिरोह सदस्य को पकड़ कर थाना-39 को सौंप दिया।
डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि टीएसआई रमेश पंवार आज सुबह सेक्टर-37 चौराहे पर ट्रैफिक कंट्रोल कर रहे थे, जब किसी राहगीर ने रिपोर्ट की कि एक आरोपी चलती बस से मोबाइल छीनकर भाग रहा है। रमेश पंवार ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए पीछा किया और गिरफ्तार करने का प्रयास किया। पकड़ते समय आरोपी ने प्रतिरोध किया, जिसमें रमेश के हाथ में चोट लगी और उनकी एक उंगली फ्रैक्चर हो गई। गंभीर चोट के बावजूद उन्होंने धैर्य नहीं खोया और घायल अवस्था में ही आरोपी को कसकर पकड़ कर नजदीकी थाना-39 के हवाले कर दिया।
घायल टीएसआई को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार कर डिस्चार्ज कर दिया गया है। घटना के बाद कमिश्नरेट ने उनकी बहादुरी की सार्वजनिक रूप से सराहना की। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने कहा कि ऐसे समर्पित कर्मी समाज की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। उनकी शौर्यपूर्ण कार्रवाई जनता के बीच पुलिस पर विश्वास को और मजबूत करेगी।
इस साहसिक कृत्य के लिए कमिश्नर ने टीएसआई रमेश पंवार को 5100 रुपये नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। थाना-39 ने आरोपी के खिलाफ मोबाइल स्नैचिंग सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। कमिश्नरेट ने नागरिकों से ऐसे मामलों में तुरंत सूचना देने और संदिग्ध गतिविधि की रिपोर्ट करने का आग्रह भी किया है, ताकि पुलिस समय रहते कार्रवाई कर सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button