अमेरिका में बॉर्डर पेट्रोल का बड़ा ऐक्शन, 30 भारतीय ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार, डिपोर्टेशन की तैयारी
अमेरिका के एरिजोना में बॉर्डर पेट्रोल एजेंट्स ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 भारतीय ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। इन सभी को ऑपरेशन चेकमेट के दौरान पकड़ा गया और अब अमेरिका से डिपोर्ट करने की तैयारी चल रही है।

वॉशिंगटन/एजेंसी। अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे लोगों के खिलाफ एक बड़े अभियान के तहत 30 भारतीयों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी अमेरिका कमर्शियल ट्रक ड्राइवर के तौर पर काम कर रहे थे। रिपोर्ट के अनुसार, इन सभी को एक फेडरल ऑपरेशन के तहत पकड़ा गया और उन्हें देश से बाहर भेजने की तैयारी चल रही है। यूएस कस्टम और बॉर्डर प्रोटेक्शन विभाग ने इस बारे में जानकारी दी है।
विभाग ने सोमवार को जारी एक बयान में बताया कि एरिजोना के यूमा सेक्टर में बॉर्डर पेट्रोल एजेंट्स ने 11-15 मई के दौरान ऑपरेशन चेकमेट’ अभियान चलाया था। इस अभियान के तहत कुल 52 लोगों को अमेरिका में अवैध रूप से रहने के आरोप में पकड़ा गया। आगे बताया गया कि पकड़े गए लोगों में 36 ऐसे थे, जो सेमी-ट्रक चलाते हुए पाए गए।
पकड़े गए 36 सेमी-ट्रक ड्राइवरों में से 30 अकेले भारत से ही थे। बाकी छह मेक्सिको, अल सल्वाडोर और रूस से थे। इन ड्राइवर के पास कैलिफोर्निया, न्यूयॉर्क, वॉशिंगटन और वर्जीनिया जैसे राज्यों के कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस थे। वहीं, कुछ ऐसे भी थे, जिनके पास किसी तरह का लाइसेंस नहीं था। रिपोर्ट के अनुसार, गिरफ्तार किए गए ज्यादातर लोगों के पास बाइडन प्रशासन के दौरान जारी रोजगार के लिए अनुमति वाले दस्तावेज थे, जो अब अमान्य हो गए थे।
ट्रंप प्रशासन के तहत अमेरिका में रह रहे विदेशी मूल के ट्रक ड्राइवरों के खिलाफ कार्रवाई तेज की गई है। पिछले कुछ महीनों में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिसमें भारतीय मूल के ट्रक ड्राइवरों को कमर्शियल वाहन चलाते समय जानलेवा दुर्घटना करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पिछले साल एक ऐसा ही चर्चित मामला सामने आया था, जिसमें एक ट्रक ड्राइवर के गलत यू-टर्न लेने के चलते बड़ा हादसा हो गया था। पंजाबी मूल के ड्राइवर को बाद में गिरफ्तार किया गया था और उन पर गैर-इरादतन हत्या और वाहन से हत्या का आरोप लगाया गया था।
12 अगस्त 2025 को भारत के हरजिंदर सिंह ने फ्लोरिडा के टर्नपाइक पर यू-टर्न लिया, जिससे एक मिनीवैन सीधे आकर टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। अमेरिका के गृह मंत्रालय (DHS) ने दावा किया कि हरजिंदर 2028 में मेक्सिको के रास्ते गैर-कानूनी तरीके से अमेरिका में घुसे थे। उन्होंने कैलिफोर्निया में कमर्शियल ड्राइवर लाइंसेस हासिल कर दिया था। उनके पास अमेरिका में रहने का वैध अधिकार नहीं था और वह अंग्रेजी की दक्षता परीक्षा में भी फेल हो गए थे।




