न्यू उस्मानपुर में 17 साल के लड़के की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने दो नाबालिग समेत तीन को पकड़ा

दिल्ली में चाकू मारकर एक लड़के की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस मामले में दो नाबालिगों समेत 3 लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस लगातार मामले की जांच कर रही है।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में 17 वर्षीय नाबालिग लड़के की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई तेज कर दी। जांच टीम ने कुछ ही घंटों के भीतर दो किशोरों समेत तीन लोगों को पकड़ लिया। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि सोमवार रात करीब 10:25 बजे न्यू उस्मानपुर थाने को चाकूबाजी की घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर पुलिस को 17 वर्षीय किशोर जमीन पर पड़ा हुआ मिला, जिसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने अपराध स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित साक्ष्य एकत्र किए। इस संबंध में न्यू उस्मानपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि पीड़ित को चाकू मारा गया था।
पुलिस ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए न्यू उस्मानपुर थाने की एक समर्पित टीम ने सबूत जुटाए और 17 वर्षीय दो किशोरों को पकड़ा है। इस मामले में 21 साल के एक शख्स निक्की को भी गिरफ्तार किया है। अधिकारी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और खुलासा किया कि उनका पीड़ित के साथ कुछ विवाद था। पुलिस ने बताया कि पीड़ित और आरोपी दोनों एक ही समुदाय से हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button