मुंबई के मरीन ड्राइव पर मर्सिडीज ने पुलिस चेकपोस्ट को रौंदा, दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल

मुंबई के मरीन ड्राइव पर एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने पुलिस चेकपोस्ट पर दो पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी चालक निहाल सोलंकी को नालासोपारा से गिरफ्तार कर लिया गया है।

मुंबई/एजेंसी। मुंबई के मरीन ड्राइव इलाके में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने पुलिस चेकपोस्ट पर तैनात दो पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने कुछ घंटों बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान 29 वर्षीय निहाल सोलंकी के रूप में हुई है, जो नासिक के पंचवटी इलाके का रहने वाला है।
अधिकारियों ने बताया कि मरीन ड्राइव पर पुलिस टीम रात में वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि चालक ने गाड़ी धीमी करने के बजाय और तेज कर दी और चेकपोस्ट पर मौजूद दो पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी। घायल पुलिसकर्मियों की पहचान कांस्टेबल कृष्णकांत मिश्रा और पुलिसकर्मी राठौड़ के रूप में हुई है। दोनों मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन से जुड़े हैं।
हादसे के बाद दोनों घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत बॉम्बे हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनका आईसीयू में इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मरीन ड्राइव पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। सोमवार सुबह पुलिस ने निहाल सोलंकी को मुंबई के नालासोपारा इलाके से गिरफ्तार कर लिया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोलंकी फिलहाल पुलिस हिरासत में है और मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button