दिल्ली में खाद्य विभाग का असिस्टेंट कमिश्नर राशन दुकानदार से रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार

(AI Generated Image)

नई दिल्ली/एजेंसी। दिल्ली में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर विनोद कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। सीबीआई की टीम ने उन्हें उनके ही दफ्तर में 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा। सीबीआई सूत्रों के मुताबिक आरोपी अधिकारी ने राशन डिपो चलाने वाले दीपक कुमार से 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। आरोप है कि विभागीय काम कराने और कार्रवाई से बचाने के बदले यह रकम मांगी गई थी।
पीड़ित द्वारा शिकायत किए जाने के बाद सीबीआई ने पूरे मामले की जांच शुरू की। इसके बाद ट्रैप टीम बनाई गई और योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई। जैसे ही विनोद कुमार ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
सीबीआई की कार्रवाई के दौरान दफ्तर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अधिकारी से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े दस्तावेज भी खंगाले जा रहे हैं। जांच एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि रिश्वतखोरी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।
सीबीआईअधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button