कीर्ति नगर में जन संवाद कार्यक्रम का हुआ आयोजन, पुलिस-व्यापारी समन्वय पर जोर

दिल्ली ब्यूरो। पश्चिमी जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जन संवाद कार्यक्रम के तहत कीर्ति नगर स्थित मेन रोड फर्नीचर मार्केट एसोसिएशन के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस उपायुक्त डॉ. सचिन कुमार सिंघल ने की, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारी, दुकानदार और बाजार के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में एसीपी पंजाबी बाग जय प्रकाश, इंस्पेक्टर महावीर सिंह, इंस्पेक्टर मनीष सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जन सुरक्षा और बाजारों में अग्नि सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। डॉ. सिंघल ने व्यापारियों को सीसीटीवी कैमरों की स्थापना और उनके सुचारु संचालन, आपातकालीन निकास मार्गों के रखरखाव, कर्मचारियों के सत्यापन, पार्किंग व्यवस्था और विद्युत वायरिंग व अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित करने की सलाह दी।
फर्नीचर बाजार में लकड़ी, फोम, पॉलिश और थिनर जैसे ज्वलनशील पदार्थों की अधिकता को देखते हुए व्यापारियों को विशेष रूप से अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बाजार क्षेत्र में पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम लगाने की भी सलाह दी गई, ताकि समय-समय पर सुरक्षा संबंधी सूचनाएं और आपातकालीन अलर्ट प्रसारित किए जा सकें।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निजी सुरक्षा गार्डों के पुलिस सत्यापन पर जोर दिया गया और उन्हें दिल्ली पुलिस की ‘प्रहरी योजना’ के तहत पंजीकरण कराने के लिए प्रोत्साहित किया गया, जिससे आपात स्थिति में बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके।
बैठक के दौरान स्थानीय स्तर की सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और जन सुविधा से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक और सहयोगात्मक माहौल में चर्चा हुई। बाजार एसोसिएशन के सदस्यों ने इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि पश्चिमी जिले के सभी थाना क्षेत्रों में ऐसे जन संवाद कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित हो और क्षेत्र में सुरक्षित व सौहार्दपूर्ण वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button