फतेहपुर में ड्राइवर को झपकी आने पर खड़े ट्रक से टकराई झांसी डिपो की बस, 16 यात्री घायल
फतेहपुर में कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर बड़ौरी टोल प्लाजा के पास झांसी डिपो की एक बस खड़े ट्रक से टकरा गई, जिससे 16 यात्री घायल हो गए।

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। कानपुर- प्रयागराज हाईवे पर बड़ौरी टोल प्लाजा के समीप हाईवे किनारे खड़े ट्रक में चालक को झपकी आने से झांसी डिपो की बस अनियंत्रित होकर जा टकराई। जिससे बस सवार दंपती समेत 16 यात्री घायल हो गए।
दंपती को जिला अस्पताल भेजा गया है जबकि अन्य 14 यात्रियों को मामूली चोट आई थी, जिन्हें पुलिस ने दूसरे बस से भेज दिया। क्षतिग्रस्त बस को पुलिस ने थाने में खड़ा कराया है। हादसे के बाद बस चालक भाग निकला।
बुधवार देर रात कानपुर से 16 यात्रियाें को लेकर फतेहपुर जा रही झांसी डिपो की बस चालक को कानपुर प्रयागराज हाईवे पर कल्यानपुर थाने के बड़ौरी टोल प्लाजा के पास झपकी आ गई। इससे बस अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई।
जिससे बस में सवार दंपती जालौन थाना व कस्बा उरई के राजेंद्र नगर निवासी अमित कुमार व उनकी पत्नी छाया देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल दंपती को एंबुलेंस से पीएचसी गोपालगंज भेजा। बस चालक दुर्घटना के बाद बस से कूद कर भाग निकला।
अन्य यात्रियों को भी मामूली चोटें आई थी, इन्होंने अस्पताल जाने से मना कर दिया। इस पर पुलिस ने इन यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य स्थान के लिए भेज दिया। ट्रक चालक भी मौके से गाड़ी लेकर निकल गया। थाना प्रभारी सुमित देव पांडेय ने बताया कि बस के यात्रियों को दूसरी बस से भेज दिया गया है। बस चालक मौके से फरार है। ट्रक भी निकल गया है। दो घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है।


