कानपुर के स्कूल में नींव खोदाई मामले को लेकर भिड़े सपा-भाजपा कार्यकर्ता

कानपुर में भाजपा और सपा कार्यकर्ताओं में जमकर बवाल मच गया। परमट प्राइमरी स्कूल के भूमि पूजन को लेकर विवाद गहराया है।

कानपुर/उत्तर प्रदेश। कानपुर में भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत का मामला सामने आया है। मामला परमट प्राइमरी स्कूल के भूमि पूजन के दौरान गरमाया। दोनों के बीच विवाद सियासी टकराव का केंद्र बन गया। स्कूल निर्माण को लेकर भूमि पूजन के दौरान दोनों दलों के समर्थक आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ा तो मौके पर पुलिस पहुंची। भारी संख्या में पुलिस बल को वहां पर तैनात करना पड़ा। मामले की जांच का जिम्मा एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार को सौंपा गया है।
परमट प्राइमरी स्कूल में आर्यनगर विधानसभा से समाजवादी पार्टी विधायक अमिताभ बाजपेयी की विधायक निधि से तीन कमरों का निर्माण होना है। दूसरी तरफ, कानपुर से भारतीय जनता पार्टी सांसद रमेश अवस्थी की सांसद निधि से एक स्मार्ट क्लास रूम और बाउंड्रीवाल का निर्माण का प्रस्ताव है। सपा एमएलए ने 15 मई को तीन कमरों के निर्माण के लिए भूमिपूजन की घोषणा की थी। इसी बीच सांसद पक्ष की ओर से सोशल मीडिया पर 14 मई को स्मार्ट क्लास के भूमि पूजन का मैसेज वायरल कर दिया गया। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद गरमा गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10 बजे सपा समर्थकों की ओर से विद्यालय परिसर में मजदूर लगाकर नींव की खोदाई कराई जा रही थी। इसकी जानकारी भाजपा नेता सुरेश अवस्थी को हुई। आरोप है कि वह समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। मजदूरों को काम बंद कराकर वहां से हटा दिया। इसकी सूचना मिलते ही आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेयी समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए।
सपा विधायक स्कूल परिसर में धरने पर बैठ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच नारेबाजी और तीखी बहस शुरू हो गई। तनाव बढ़ता देख पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर हटाने का प्रयास किया।
स्कूल परिसर में राजनीति गरमाती देख पुलिस एमएलए अमिताभ बाजपेयी को अपने साथ लेकर चली गई। पुलिस उन्हें डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव के कार्यालय ले गई। एमएलए के बारे में जानकारी मिलते ही सपा विधायक नसीम सोलंकी, पूर्व विधायक इरफान सोलंकी और छावनी विधायक मुहम्मद हसन रूमी भी समर्थकों के साथ वहां पहुंच गए। इसके बाद मौके पर हंगामा बढ़ गया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने हालात नियंत्रित किए। एहतियात के तौर पर स्कूल परिसर और आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button