पीएम मोदी की अपील का असर, मेट्रो से दफ्तर पहुंचे दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा
प्रधानमंत्री मोदी की ईंधन बचत की अपील के बाद दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा और आशीष सूद ने मेट्रो से यात्रा की। इस कदम से सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने और ईंधन बचाने का संदेश दिया गया, जिसकी सोशल मीडिया पर सराहना हुई।

नई दिल्ली। वैश्विक संकट के बीच ईंधन बचत को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का असर अब नेताओं और मंत्रियों के बीच भी दिखाई देने लगा है। बुधवार को दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने मेट्रो से सफर कर सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने का संदेश दिया। कपिल मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और सभी मंत्रियों ने संकल्प लिया है कि वे सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करेंगे या जरूरत पड़ने पर केवल एक सरकारी गाड़ी का इस्तेमाल करेंगे।
उन्होंने सोशल मीडिया पर मेट्रो यात्रा की जानकारी साझा करते हुए लिखा कि आज सुबह उन्होंने दिल्ली मेट्रो से सफर किया। उनके इस कदम की सोशल मीडिया पर काफी सराहना हो रही है।
ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर आम जनता से लेकर जनप्रतिनिधियों तक में जागरूकता बढ़ती नजर आ रही है। मंगलवार को दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद भी मेट्रो और ई-रिक्शा से सरकारी बैठकों व कार्यक्रमों में पहुंचे थे। वहीं दूसरी ओर केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह लंबे वाहन काफिले के साथ सड़कों पर नजर आए, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना भी देखने को मिली।




