दिल्ली में खाकी ही सुरक्षित नहीं: नो पार्किंग का चालान काट रहे एएसआई का फोन झपट ले गया बदमाश

दिल्ली ब्यूरो। उत्तरी दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में मंगलवार रात नो पार्किंग का चालान कर रहे दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के एएसआई से एक युवक फोन छीनकर फरार हो गया। पीड़ित ने शोर मचाकर आरोपी का पीछा भी करने का प्रयास किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। खबर मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित एएसआई देवराज, उत्तरी दिल्ली के कोतवाली ट्रैफिक सर्किल में तैनात हैं। मंगलवार रात करीब सात बजे वह कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन के पास नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों का चालान काट रहे थे। वह ई-मशीन में चालान का डाटा भरने में व्यस्त थे। तभी सामने से आए युवक ने उनका मोबाइल फोन छीना और मौके से फरार हो गया। पीड़ित ने युवक के फरार हो जाने के बाद मामले की सूचना लोकल पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।




