एन. रंगासामी ने ली पुडुचेरी के सीएम पद की शपथ, संभाला कार्यभार
एन. रंगासामी ने पुडुचेरी के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, जहां उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

पांडिचेरी/एजेंसी। पुडुचेरी के नए मुख्यमंत्री के तौर पर एन. रंगासामी ने बुधवार को कार्यभार संभाला लिया। वहीं, इससे पहले पुडुचेरी के उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मौजूद थे। मालूम हो कि एन. रंगासामी ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस के संस्थापक भी हैं और राज्य में भाजपा गठबंधन में है।
समारोह के तुरंत बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए, मुख्यमंत्री ने मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया और नई बनी एनडीए सरकार की प्राथमिकताओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा, “लोगों की भलाई के लिए सभी जरूरी योजनाओं को और भी ज्यादा असरदार तरीके से लागू करना हमारा फर्ज है। हम निश्चित रूप से इस जिम्मेदारी को पूरी शिद्दत से निभाएंगे।”
उन्होंने आगे कहा, “हम अपने पुडुचेरी को सिंगापुर की तरह विकसित करने जा रहे हैं।” वहीं, शपथ ग्रहण समारोह में बीजेपी नेता ए. नमस्सिवयम ने भी पुडुचेरी सरकार में कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली। शपथ लेने के बाद उन्होंने कहा, “हम लोगों की सेवा में हैं और सभी योजनाएं जारी रहेंगी। इसके साथ ही हम नई योजनाएं भी शुरू कर रहे हैं। हम पुडुचेरी को बहुत अच्छे से विकसित करेंगे।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं चौथी बार कार्यभार संभाल रहा हूं। विभागों का बंटवारा इस हफ्ते या अगले हफ्ते किया जाएगा। भारत सरकार कई योजनाओं में हमारा समर्थन करती है। इससे अपने आप ही सुविधाएं और पर्यटन बेहतर होते हैं। आने वाले दिनों में और भी विधायक शपथ लेंगे या नहीं, यह CM का फैसला है। हालांकि, AINRC नेता मल्लादी कृष्ण राव को भी कैबिनेट में शामिल किया जाएगा।”
मालूम हो कि, 4 मई को आए पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के नतीजों में नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (एनडीए ) ने पुडुचेरी में सत्ता बरकरार रखी। 30 सदस्यों वाली पुडुचेरी विधानसभा में एनआर कांग्रेस ने 12 सीटें और बीजेपी ने चार सीटें जीतीं। AIADMK ने एक सीट जीती। डीएमके ने पांच सीटें जीतीं, और कांग्रेस को एक सीट मिली। TVK, जिसने तमिलनाडु में शानदार शुरुआत की थी, उसने भी अपना खाता खोला और दो सीटें जीतीं।




