नशे की लत पूरी करने के लिए करते थे वाहन चोरी, दो शातिर गिरफ्तार, बाइक बरामद

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली के शाहदरा जिले में मानसरोवर पार्क थाना पुलिस की क्रैक टीम ने वाहन चोरी करने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है और दो मामलों का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार 3 मई 2026 को मानसरोवर पार्क थाना क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल चोरी की ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें संदिग्धों की पहचान हुई। इसके बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
6 मई को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नंद नगरी इलाके में जाल बिछाकर दो आरोपियों दर्शन उर्फ सोनू (22) और कुनाल (23) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई, जो मानसरोवर पार्क थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने न सिर्फ इस वारदात को कबूल किया, बल्कि हरश विहार थाना क्षेत्र में हुई एक अन्य वाहन चोरी की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर एक और चोरी का वाहन बरामद किया गया। जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी लत को पूरा करने के लिए वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी के वाहनों को सस्ते दामों में बेचकर पैसे जुटाते थे।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दर्शन उर्फ सोनू पहले से ही 10 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, जिनमें वाहन चोरी, छिनैती और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं। वहीं कुनाल भी 4 आपराधिक मामलों में संलिप्त पाया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button