हैदराबाद की पुलिस कमिश्नर ने रात 2 बजे चलाया अभियान, 40 मनचलों को सिखाया सबक

हैदराबाद पुलिस कमिश्नर बी. सुमति ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए देर रात एक अभियान चलाया। उन्होंने खुद बस स्टॉप पर अकेली खड़ी होकर 40 मनचलों को पकड़ा, जिन्हें अब काउंसलिंग दी जाएगी।
हैदराबाद/एजेंसी। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए हैदराबाद पुलिस ने एक बड़ा कदम बढाया। मल्काजगिरि पुलिस कमिश्नर बी. सुमति ने देर रात करीब 2 बजे अकेले बस स्टॉप पर खड़ी रहीं और मनचलों को जाल में फंसाया। इस दौरान करीब 40 लोगों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस कमिश्नर सुमति 1 मई को पद संभालने के बाद इलाके में महिलाओं के खिलाफ बढ़ रही छेड़छाड़ की शिकायतों से चिंतित थीं। दिलसुखनगर बस स्टॉप के आसपास हॉस्टल क्लस्टर होने के चलते रात में महिला यात्री अक्सर नशे में धुत लोगों का शिकार बनती थीं। रिपोर्ट्स पर भरोसा न करते हुए सुमति ने फैसला किया कि खुद मैदान में उतरकर स्थिति का जायजा लेंगी।
देर रात से सुबह 3 बजे तक वे सामान्य महिला यात्री बनकर बस स्टॉप पर खड़ी रहीं। बिना किसी सुरक्षा के। कुछ ही मिनटों में बाइक सवार युवक कमेंट्स करने लगे, कुछ घेरकर अश्लील सवाल पूछने लगे। लेकिन वे नहीं जानते थे कि आसपास एसआई और इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी छिपे हुए पूरी निगरानी कर रहे थे।
अभियान के अंत में 40 व्यक्तियों को उनके अश्लील व्यवहार के लिए हिरासत में लिया गया। पुलिस ने बताया कि इन सभी को काउंसलिंग दी जाएगी ताकि वे अपनी गलती समझ सकें। करीमनगर में डीएसपी के रूप में करियर शुरू करने वाली सुमति पहले भी ऐसे अभियानों के लिए जानी जाती हैं। सोशल मीडिया पर उन्हें ‘लेडी सिंघम’ कहकर सराहा जा रहा है।




