फतेहपुर में स्मार्ट मीटर और बिजली कटौती के खिलाफ भाकियू का जोरदार धरना

सत्येंद्र शुक्ला,फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। खागा उपखंड क्षेत्र के रसूलपुर सानी पावर हाउस परिसर में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के नेतृत्व में स्मार्ट मीटर, बढ़ते बिजली बिल और लगातार हो रही बिजली कटौती के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया।
धरने में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष उपभोक्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में स्मार्ट मीटर लेकर विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और आरोप लगाया कि मीटर लगने के बाद बिजली बिल अचानक बढ़ गए हैं। साथ ही बिना सूचना बिजली आपूर्ति बाधित की जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान यह भी आरोप लगाया गया कि बिजली विभाग के कुछ अधिकारी उपभोक्ताओं को धमकाते हैं और फर्जी मुकदमे दर्ज कराने की बात कहकर दबाव बनाते हैं। इससे लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
भाकियू पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक क्षेत्र में लगे सभी स्मार्ट मीटर हटाए नहीं जाते और अनावश्यक बिजली कटौती पर रोक नहीं लगती, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमों को निरस्त करने और अवैध वसूली बंद करने की भी मांग की। संगठन ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।




