दिल्ली के न्यू उस्मानपुर में जानलेवा मांझे की चपेट में आया मासूम, गर्दन कटने से 5 साल के बच्चे की मौत

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर में जानलेवा मांझे की चपेट में आने से पांच साल के बच्चे वंश की मौत हो गई। मोटरसाइकिल पर जाते समय मांझा उसकी गर्दन में फंस गया, जिससे गहरा घाव हुआ और अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।

दिल्ली ब्यूरो। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में रविवार को जानलेवा मांझे की चपेट में आने से पांच साल के एक बच्चे की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बच्चा अपनी मां और चाचा के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहा था। इस दौरान मांझा उसकी गर्दन में फंस गया जिससे उसकी गर्दन कट गई।
पुलिस के अनुसार, दिलशाद गार्डन क्षेत्र में रहने वाला परिवार मोटरसाइकिल पर किसी काम से न्यू उस्मानपुर क्षेत्र में आया था। चाचा बाइक चला रहे थे और पाँच साल का वंश आगे बैठा था। अचानक रास्ते में हवा में उड़ रहा तेज धार वाला मांझा अचानक बच्चे की गर्दन में फंस गया। मांझे की धार से उसकी गर्दन पर गहरा घाव हो गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वजन तुरंत उसे नजदीकी जेपीसी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल से मिली सूचना के बाद न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि बच्चे की गर्दन पर गहरा जख्म था, जिसके चलते उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि जानलेवा मांझा कहां से आया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button