कौशांबी में बिना अनुमति पुतला दहन करने पर भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष समेत पांच पर एफआईआर दर्ज

कौशांबी में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध में रास्ताजाम और राहुल-अखिलेश का पुतला दहन करने पर भाजपा नेताओं पर पुलिस ने कार्रवाई की है। बिना अनुमति प्रदर्शन के आरोप में भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष समेत पांच नामजद व कई अज्ञात पर मुकदमा दर्ज हुआ, जिससे राजनीतिक गलियारों में खलबली है।

कौशांबी/उत्तर प्रदेश। नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने को लेकर रास्ताजाम कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी व सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का पुतला दहन करना भाजपा नेताओं को महंगा पड़ गया। पुलिस ने बिना अनुमति जनसभा करने व पुतला दहन करने को गंभीरता से लेते हुए इस मामले में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष समेत पांच को नामजद और कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
इस मामले में दारोगा की तहरीर पर भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष नीतू कनौजिया और महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष दीपा श्रीवास्तव सहित अजय शुक्ल, प्रदीप और अंजनी के खिलाफ मुकदमा कायम किया है। वहीं कई अज्ञात पर भी केस दर्ज किया गया।
कड़ाधाम थाने के देवीगंज चौकी प्रभारी रवि मौर्य ने पुलिस को दी तहरीर के हवाले से बताया कि 25 अप्रैल को देवीगंज चौराहे पर बिना अनुमति प्रदर्शन कर पुतला दहन और सड़क जाम किया गया था। इससे सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान और आगजनी की आशंका पर मुकदमा दर्ज किया गया।
इस संबंध में सीओ सिराथू सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि मुकदमा कायम कर लिया गया है। जनसभा की अनुमति नहीं ली गई थी। वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य लोगों को भी चिन्हित किया जा रहा है। अपनी ही सरकार में भाजपा नेताओं के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई से राजनैतिक गलियारे में खलबली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button