बोकारो में सनकी पति ने कुल्हाड़ी से काटकर पत्नी की हत्या की, मायके जाने की जिद पर ली जान

 

झारखंड के बोकारो जिले से दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी 25 वर्षीय पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। फिर लाश के पास ही सो गया।

बोकारो/झारखंड। बोकारो जिले में एक पति ने अपनी पत्नी को कुल्हाड़ी से काट डाला। घटना पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के रामडीह गांव के चाकुलिया टोला की है। यहां विकास कुमार नामक शख्स ने अपनी 25 वर्षीय पत्नी शानु देवी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, पत्नी की हत्या का आरोपी विकास कुमार रात भर पत्नी के खून से सने शव के बगल में ही सोता रहा। इस घटना की जानकारी परिवार के लोगों को रविवार की सुबह हुई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात शानु देवी ने पति विकास से मायके जाने की इच्छा जाहिर की थी। पति मना कर रहा था, लेकिन शानु देवी मायके जाने की जिद करने लगी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर विकास का गुस्सा बढ़ गया। जब पत्नी सो रही थी, तभी आरोपी पति ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई ताबड़तोड़ वार कर पत्नी की हत्या कर दी। कुल्हाड़ी के गहरे जख्मों के कारण शानु देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी विकास शराब पीने का आदी था। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद वह दोबारा बाहर गया, शराब पी और घर लौटकर मृत पत्नी के शव के पास ही जाकर सो गया। इस सनसनीखेज मामले का खुलासा रविवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। जब काफी देर तक पति-पत्नी के कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो विकास के पिता, शक्त पद रजवार, उन्हें जगाने पहुंचे।
काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर जब पिता अंदर दाखिल हुए, तो वहां का मंजर देखकर दंग रह गए। बिस्तर पर बहू की लहूलुहान लाश पड़ी थी और पास ही बेटा गहरी नींद में था। पिता के पूछने पर विकास ने बिना किसी पछतावे के अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद परिजनों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पिंड्राजोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी विकास रजवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button