दिल्ली की एंटी नारकोटिक्स सेल से 52 लाख की नकदी जब्त, हेड काॅन्स्टेबल रंगेहाथ पकड़ा, सेल इंचार्ज इस्पेक्टर सुभाष चंद्र लाइन हाजिर

एंटीनाकोटिक्स सेल ने मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में उत्तम नगर से एक लड़की को गिरफ्तार किया था। इस मामले में आरोप है कि सेल के अधिकारी लड़की की मां से पैसे की मांग कर रहे थे। लड़की की मां ने इसकी सीबीआई को शिकायत कर दी
राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली पुलिस की वर्दी पर एक और काला धब्बा मंगलवार रात को उस समय लग गया जब सीबीआई ने द्वारका की एंटी नारकोटिक्स सेल के कार्यालय से 52 लख रुपये बरामद किए। सीबीआई ने नारकोटिक्स सेल में तैनात हवलदार अजय को गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी के बाद नारकोटिक सेल के इंचार्ज सुभाष चंद्र को लाइन में भेज दिया गया है।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, एंटीनाकोटिक्स सेल ने मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में उत्तम नगर से सांसी समुदाय की एक लड़की को गिरफ्तार किया था। इस मामले में आरोप है कि सेल के अधिकारी लड़की की मां से पैसे की मांग कर रहे थे। लड़की की मां ने इसकी सीबीआई को शिकायत कर दी और सीबीआई ने मंगलवार रात को ₹200000 की रिश्वत लेते हुए हवलदार अजय को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि इसके बाद सीबीआई ने एंटी नारकोटिक्स सेल के कार्यालय में सर्च ऑपरेशन चलाया, जहां से 50 लाख रुपये और बरामद किए गए। द्वारका जिला पुलिस उपाय कुशल पाल सिंह ने इस छापेमारी की पुष्टि की है। सीबीआई की इस काईवाई के बाद दिल्ली पुलिस में सन्नाटा पसर गया है।
सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में अन्य पुलिसकर्मियों की संलिप्तता से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। सीबीआई अब इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं यह भ्रष्टाचार किसी बड़े गिरोह का हिस्सा तो नहीं। फिलहाल आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




