फतेहपुर में युवक की संदिग्ध मौत, गन्ने के खेत में पेड़ से लटका मिला शव

सत्येंद्र शुक्ला,फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले के खखरेरू थाना क्षेत्र के ग्राम कनपुरवा में 19 अप्रैल की रात एक युवक की मौत ने सनसनी फैला दी। मृतक की पहचान पीरू पुत्र स्वर्गीय मोहम्मद अब्दुल (उम्र लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, पीरू गन्ने के खेत के पास चिल्ला के पेड़ से गमछे के सहारे फांसी पर लटकता पाया गया।
मृतक के बड़े भाई मोहम्मद सफीक ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसका छोटा भाई अज्ञात कारणों से आत्महत्या कर बैठा। सूचना मिलते ही खखरेरू थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
थानाध्यक्ष ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। गांव में इस घटना को लेकर दहशत और शोक का माहौल है। यह मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, जिससे मामले ने गंभीर क्राइम का रूप ले लिया है। पुलिस जांच में जुटी है कि आत्महत्या के पीछे कोई दबाव या अन्य कारण तो नहीं।




