वेलकम थाना पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

वेलकम थाना क्षेत्र में झील पार्क हत्या कांड का खुलासा हो गया है। 10 अप्रैल की शाम मज़ार के पास मोहम्मद शमीम (21) का शव मिला था। फॉरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए और मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसएचओ इंस्पेक्टर रूपेश खत्री की टीम ने एसीपी भजनपुरा सहदेव कुमार राणा के पर्यवेक्षण में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों—वसीम उर्फ मियां (20), तिलक राज उर्फ राज (23) और एक किशोर (17)—को गिरफ्तार/निरुद्ध किया। पूछताछ में तीनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
दिल्ली ब्यूरो। उत्तर पूर्वी दिल्ली के वेलकम थाना क्षेत्र में हुई हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। 10 अप्रैल की शाम करीब 6:45 बजे थाना वेलकम को सूचना मिली कि झील पार्क स्थित मज़ार के पास एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान मोहम्मद शमीम (21), पुत्र अबुलेश, निवासी लकड़ी मार्केट, वेलकम, दिल्ली के रूप में की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए और शव को जीटीबी अस्पताल भिजवाया गया। इस संबंध में थाना वेलकम में एफआईआर संख्या 148/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के लिए एसएचओ/थाना वेलकम इंस्पेक्टर रूपेश खत्री के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में इंस्पेक्टर जियानेंद्र सिंह, एसआई धीरेंद्र, एएसआई रामबीर, हेड कांस्टेबल हरेंद्र, कुलदीप, ललित, संदीप तथा कांस्टेबल विनोद और गौरव शामिल थे। पूरी कार्रवाई एसीपी भजनपुरा श्री सहदेव कुमार राणा के पर्यवेक्षण में की गई।
पुलिस टीम ने विभिन्न स्रोतों से सुराग जुटाकर तीन संदिग्धों को गिरफ्तार/नाबालिग को निरुद्ध किया। इनमें वसीम उर्फ मियां (20), पुत्र बशीर, निवासी लकड़ी मार्केट, वेलकम; तिलक राज उर्फ राज (23), पुत्र मदन, निवासी डब्ल्यू ब्लॉक, वेलकम; तथा एक किशोर (17) शामिल हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार करते हुए मृतक शमीम की हत्या में अपनी संलिप्तता का खुलासा किया।




