दिल्ली में बड़े अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश, गिरोह के 6 सदस्य गिरफ्तार, 58 किलो गांजा बरामद

पूर्वी दिल्ली की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड ने बिहार से दिल्ली-एनसीआर में गांजा सप्लाई करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। संजय झील के पास डीलिंग करने वाले इस सिंडिकेट के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पूर्वी दिल्ली। दिल्ली में पूर्वी दिल्ली जिले की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड (एएनएस) ने एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है, जिसमें बिहार से गांजा मंगवाकर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई की जाती थी और संजय झील के पास इसकी डीलिंग की जाती थी। पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश कर दिया है। यह कार्रवाई एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड की टीम ने की, जिसका नेतृत्व इंस्पेक्टर अरुण कुमार कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 58.696 किलोग्राम गांजा और नकद पांच लाख इकतीस हजार रुपये बरामद किए हैं। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक तराजू और पैकिंग सामग्री भी जब्त की गई है, जिनका इस्तेमाल गांजे की छोटी-छोटी पुड़ियों में पैकिंग के लिए किया जाता था।
इस मामले की शुरुआत पांडव नगर थाना पुलिस द्वारा की गई जांच से हुई थी, जिसमें पहले दो आरोपी नसीम और मोनू उर्फ अभिषेक को गिरफ्तार किया गया था। इनके पास से 45.760 किलोग्राम गांजा और रुपये दो लाख पैंसठ हजार चार सौ रुपये बरामद हुए थे। जांच को आगे बढ़ाते हुए एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड की टीम ने सप्लाई चेन को ट्रेस किया।
इसके बाद लोनी से शेर खान को गिरफ्तार किया गया, जो मुख्य सप्लायर बताया जा रहा है। इसके बाद कल्याणपुरी से पिंकी कौर उर्फ डॉन को पकड़ा गया, जिसके पास से 2.636 किलोग्राम गांजा और रुपये दो लाख छियासठ हजार एक सौ अस्सी रुपये बरामद हुए। पूछताछ में सामने आया कि मुख्य सप्लाई बिहार के वैशाली निवासी दीपक पटेल और विकास राय द्वारा की जाती थी। इस सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड की टीम ने 11 अप्रैल को संजय झील, दिल्ली के पास जाल बिछाकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से लगभग 10.300 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। यह पूरा गिरोह बिहार से गांजा लाकर दिल्ली में सप्लाई करता था और संजय झील के आसपास इसे डिस्ट्रीब्यूट करने का नेटवर्क सक्रिय था। आरोपी घनी आबादी वाले इलाकों में छिपकर इस अवैध कारोबार को अंजाम देते थे।
खुद को डॉन बताने वाली महिला बेचती थी ड्रग्स
कल्याणपुरी क्षेत्र की निवासी पिंकी कौर इस नेटवर्क में स्थानीय स्तर पर सक्रिय भूमिका निभा रही थी। वह गांजा की रिसीविंग और आगे छोटे पैकेट्स में वितरण में शामिल थी। उसके कब्जे से 2.636 किलोग्राम गांजा और ड्रग्स की कमाई के रूप में नकद रुपये बरामद हुए हैं। वहीं, पूछताछ में सामने आया कि वह स्थानीय स्तर पर सप्लाई चैन को बनाए रखने और ग्राहकों तक माल पहुंचाने में अहम कड़ी थी।वह ख़ुद को लेडी डॉन बताती थी।




