मुंबई में देश का पहला पॉड टैक्सी प्रोजेक्ट, पहले फेज में 3 किमी का कुर्ला-बांद्रा रूट, हर 30 सेकंड में मिलेगी सर्विस

मुंबई/एजेंसी। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में शहरी ट्रांसपोर्ट को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। मंगलवार को मुंबई में पॉड टैक्सी प्रोजेक्ट का शिलान्यास मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया। दरअसल यह एक ऑटोमैटिक रैपिड ट्रांजिट सिस्टम है। इसे मुंबई में कुर्ला और बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) के बीच विकसित किया जा रहा है। ताकि रोजमर्रा के यात्रियों को अंतिम-छोर तक पहुंच मिल सके। चेम्बूर स्थित डायमंड गार्डन मेट्रो स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ दोनों उपमुख्यमंत्रियों एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार ने भी शिरकत की।
पहले चरण में पॉड टैक्सी सेवा कुर्ला और बांद्रा ईस्ट के बीच शुरू होगी। ये टैक्सियां इस क्षेत्र में 3.36 किलोमीटर लंबे रूट पर चलेंगी। इस कॉरिडोर पर कुल आठ स्टेशन होंगे। निर्धारित स्टॉप में बांद्रा ईस्ट, कलानगर, पुरानी MMRDA बिल्डिंग, आबकारी विभाग, भारत डायमंड बोर्स गेट 11, MMRDA पे एंड पार्क सुविधा, LBS मार्ग और कुर्ला शामिल हैं। बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स आने-जाने वाले कर्मचारियों को इस सेवा से काफी फायदा होने की उम्मीद है।
2031 तक पॉड टैक्सी के 22 स्टेशन
साल 2031 तक पॉड टैक्सी के रूट को बढ़ाकर कुल 8.85 किलोमीटर करने की योजना है। इस विस्तारित नेटवर्क में 22 स्टेशन होंगे। शुरू में 38 स्टेशनों का प्रस्ताव रखा गया था। हालांकि बाद में यह संख्या घटाकर 22 कर दी गई। इस बीच बीकेसी क्षेत्र के भीतर पॉड टैक्सी के रूट का और विस्तार किया जाएगा। इसमें एक सर्कुलर लूप जोड़ा जाएगा। पॉड टैक्सियां केवल इन निर्धारित स्टेशनों पर ही रुकेंगी और सर्कुलर लूप व्यवस्था यात्रियों को अपने विशिष्ट रूट चुनने की सुविधा देगी। इससे यात्रा का समय बचेगा।
इस रूट पर हर 200 मीटर के अंतराल पर वातानुकूलित (AC) स्टेशन बनाए जाएंगे। हर पॉड टैक्सी में एक बार में छह यात्रियों को ले जाने की क्षमता होगी। इन टैक्सियों को अधिकतम 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से चलने के लिए डिजाइन किया गया है। 2031 तक इस सेवा से 109,000 यात्रियों को सुविधा मिलने का अनुमान है। 2022 के अनुमानों के अनुसार, इसका किराया 21 रुपये प्रति किलोमीटर होने की संभावना है। इस प्रोजेक्ट पर 1,016 करोड़ रुपये की लागत आने की उम्मीद है और इन टैक्सियों का संचालन 2027 तक मुंबई के मार्गों पर शुरू होने की योजना है।
पॉड टैक्सी में नहीं होगा ड्राइवर
यह पॉड टैक्सी पूरी तरह से ड्राइवर-रहित है और एक ऊंचे ट्रैक पर चलेगी। जो सिर्फ 8 इंच चौड़ा है और 8 मीटर ऊंचे खंभों के सहारे टिका होगा। इस टैक्सी की लंबाई 3.5 मीटर, चौड़ाई 1.47 मीटर और ऊंचाई सिर्फ 1.8 मीटर है। नतीजतन इस पॉड टैक्सी का इस्तेमाल करके मुंबई के ट्रैफिक जाम के बीच सफर करना काफी आसान हो जाएगा।




