शाहदरा जिले की एएटीएस टीम ने वाहन चुराने वाले शातिर को किया गिरफ्तार
दिल्ली और गाजियाबाद से 10 दोपहिया गाड़ियां बरामद

पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली में शाहदरा जिले की एएटीएस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर दिल्ली और गाजियाबाद से 10 चोरी की दोपहिया गाड़ियां बरामद की गई हैं। पुलिस ने इस कार्रवाई से विभिन्न जिलों में दर्ज वाहन चोरी के 10 मामलों का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए एएटीएस टीम को सक्रिय वाहन चोरों की धरपकड़ के लिए लगाया गया था। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और स्थानीय स्तर पर सूचना जुटाई गई। इसी दौरान विवेक विहार थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए इशु यादव (23) को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने कई वारदातों का खुलासा किया। उसकी निशानदेही पर पहले चार और फिर पुलिस रिमांड के दौरान छह अन्य चोरी की गाड़ियां बरामद की गईं। बरामद वाहनों में पैशन प्रो, स्प्लेंडर, एक्टिवा, सुजुकी एवेनिस, टीवीएस रोनिन समेत अन्य दोपहिया शामिल हैं, जो दिल्ली के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गाजियाबाद के एक कबाड़ कारोबारी के साथ मिलकर चोरी की गाड़ियों को ठिकाने लगाता था। कई बार वह गाड़ियों को कुछ दिन खुद चलाने के बाद लावारिस छोड़ देता था। पुलिस ने कबाड़ कारोबारी को नोटिस दिया है, लेकिन वह फिलहाल फरार है। आरोपी सुनसान या कम सुरक्षा वाले इलाकों में खड़ी दोपहिया गाड़ियों को निशाना बनाता था। साधारण औजारों की मदद से गाड़ी चोरी कर अलग-अलग जगहों पर छिपा देता और बाद में बेच देता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भी चोरी के दो मामलों में शामिल रहा है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।




